तीन दिन से लापता 23 वर्षीय युवक का शव नगर के सेनानी पथ स्थित कुएं में उतराया हुआ मिलने से मची सनसनी
रेवती (बलिया) नगर के सेनानी पथ स्थित कुएं में रविवार को दिन में तीन दिन से लापता 23 वर्षीय संदीप चौहान निवासी गांव बभनौली विसुनपुरा का उतराया हुआ शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई। घटना की सूचना लगते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
मृतक युवक रेवती कस्बा के वार्ड नंबर 9 निवासी मनोज शर्मा टेंट कारोबारी के यहां मजदूरी का काम करता था। 25 सितंबर शुक्रवार को दिन में मनोज के बुलाने पर वह उसके पास रेवती आया। देर सायं उसके घर नही पहुंचने पर उसकी मां राजमुनी देवी शुक्रवार की रात मनोज के घर पहुंच कर अपने लड़के के संबंध में पूछताछ की। मनोज द्वारा जानकारी न होने की बात कहने पर राजमुनी देवी ने शनिवार को पुलिस को पुत्र के गुमशुदगी के संबंध में तहरीर दी गई। बरसात के चलते विद्युत आपूर्ति बांधित रहने पर शनिवार को युवक की गुमशुदगी दर्ज नही हो पाई। हालांकि पुलिस द्वारा इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दे कर सोशल मीडिया में लापता युवक के संबंध में जानकारी देने की लोगों से अपील की गई थी। रविवार को मृतक युवक का शव मिलने पर उसे कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही के साथ पुलिस द्वारा उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।
मृतक की मां ने युवक की हत्या कर शव को कुएं में फेंके जाने का आरोप लगाया है।
सीईओ बैरिया आलोक गुप्ता ने बताया कि रविवार को शव बरामदगी के बाद मृतक की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
मृतक युवक से बड़े उमेश ,मनीष दो भाई व एक छोटी बहन सुमति है। युवक इन्टर तक पढ़ कर टेन्ट कारोबारी के यहां कार्य करता था। पिता पूना चौहान मजदूरी का कार्य करते हैं। इस घटना से मृतक की मां तथा स्वजनों का रोते रोते बुरा हाल है।
रिपोर्ट पुनीत केशरी


No comments