बांसडीह में डीएम का औचक निरीक्षण, बाढ़ प्रभावितों को जल्द राहत के निर्देश
बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने रविवार को तहसील बांसडीह के आपदा कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित गांवों का तत्काल सर्वे कर फसल, खेत और मकान क्षति का आकलन कराने तथा पात्रों को नियमानुसार जल्द मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने लेखपालों से कहा कि उनका कार्य केवल जमीन की पैमाइश तक सीमित नहीं है। गांवों में भ्रमण कर जरूरतमंदों की समस्याओं को समझें और पात्रों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं। झोपड़ी में रहने वाले पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाकर जनपद को झोपड़ी मुक्त बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने 70 वर्ष से अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनवाने और पात्र बच्चों को बाल सेवा योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। एसडीएम को तहसील परिसर में आयुष्मान कार्ड के लिए विशेष शिविर लगाने को कहा। संभावित जलस्तर वृद्धि को देखते हुए एनडीआरएफ और नावों को तैयार रखने तथा अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
रिपोर्ट त्र्यंबक पांडेय गांधी



No comments