Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

बाढ़ के बीच गृहकर वसूली पर सवाल, एक पर्चे पर हो रही चर्चा

  



युवा नेता ने बढ़ी दरों पर वसूली का लगाया आरोप, ईओ बोले-पुरानी दर से ही लिया जा रहा गृहकर

मनियर (बलिया)। नगर पंचायत मनियर में गृहकर वसूली को लेकर इन दिनों एक पर्चा चर्चा का विषय बना हुआ है। युवा नेता गोपाल जी की ओर से छपवाकर वितरित किए गए पर्चे में गृहकर की वसूली की प्रक्रिया और दरों पर सवाल उठाए गए हैं। पर्चे में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत में गृहकर के लिए तैयार रजिस्टर को अब तक किसी बोर्ड ने प्रस्तावित अथवा अनुमोदित नहीं किया है। वहीं नगर पंचायत प्रशासन ने आरोपों को गलत बताते हुए पुरानी दर से ही गृहकर वसूली की बात कही है।

पर्चे के माध्यम से युवा नेता ने कहा है कि एक ओर नगर पंचायत क्षेत्र के लोग बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गृहकर वसूली का अतिरिक्त भार लोगों पर डाला जा रहा है। आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत के जिम्मेदार लोगों की ओर से गृहकर के लिए किसी पूर्व चेयरमैन द्वारा प्रस्ताव किए जाने की बात कही जा रही है।

गोपाल जी का कहना है कि यदि किसी पूर्व चेयरमैन ने गृहकर का प्रस्ताव किया था तो अब तक उसकी वसूली क्यों नहीं की गई। वर्तमान में नगर पंचायत की ओर से गृहकर की वसूली कराई जा रही है। उन्होंने जनहित में गृहकर वसूली तत्काल बंद कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत को पहले क्षेत्र का उचित सर्वे कराना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति कितनी जमीन में बसा है, इसका आकलन करने के बाद उसी अनुपात में गृहकर निर्धारित किया जाए, ताकि आम लोगों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े।

आरोप गलत, पुरानी दर से हो रही वसूली : ईओ

इस संबंध में नगर पंचायत मनियर के अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सिंह ने बताया कि गृहकर की वसूली पहले से प्रस्तावित है। वर्तमान में पुरानी दर के आधार पर ही गृहकर लिया जा रहा है। नई दर निर्धारित करने के लिए सर्वे कराया जा रहा है। लगाए गए आरोप गलत हैं।

रिपोर्ट : मनु तिवारी

No comments