बाढ़ राहत सामग्री वितरण पर सभासदों ने उठाए सवाल, वीडियो वायरल
मनियर (बलिया)। नगर पंचायत मनियर के इंटर कॉलेज में सोमवार को बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरण के दौरान अनियमितता के आरोप लगाए गए। सभासदों की ओर से प्रसारित किए गए वीडियो में राहत सामग्री की सूची में अपात्रों के नाम शामिल किए जाने और पात्र बाढ़ पीड़ितों को लाभ नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है। सभासदों ने सूची सार्वजनिक कर जांच कराने की मांग की है।
वार्ड नंबर 10 के सभासद राजकुमार गुप्ता का आरोप है कि सोमवार को सूची के आधार पर जिन लोगों को राहत सामग्री दी गई, उनमें कई पात्र लोग वंचित रह गए। उनका कहना है कि सूची में अपात्रों के नाम शामिल कर राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने सूची सार्वजनिक कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
सभासद प्रतिनिधि अभिमन्यु राजभर ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत में बहेरापार ही ऐसा वार्ड है, जो बाढ़ के पानी से घिरा हुआ है। इसके बावजूद वार्ड के दर्जनों बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री नहीं मिली है। उन्होंने दावा किया कि नगर पंचायत के सैकड़ों ऐसे लोगों के नाम भी सूची में शामिल हैं, जो बाढ़ प्रभावित नहीं हैं।
वहीं, सभासद रवि वर्मा का भी एक वीडियो प्रसारित हो रहा है, जिसमें वह राहत सामग्री वितरण को लेकर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। हालांकि, अखंड भारत समाचार पोर्टल प्रसारित वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
राहत सामग्री के लिए तैयार सूची को लेकर अब बाढ़ पीड़ितों में भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि सूची में गड़बड़ी हुई है तो वास्तविक बाढ़ पीड़ित राहत सामग्री से वंचित रह सकते हैं। ऐसे में सूची की जांच और उसे सार्वजनिक किए जाने की मांग तेज हो गई है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
नगर पंचायत के लेखपाल महातम ने बताया कि राहत सामग्री वितरण के बाद शिकायत की जा रही है। मामले की जांच के बाद ही आगे वितरण किया जाएगा।
उप जिलाधिकारी बांसडीह पुष्कर मिश्रा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट : मनु तिवारी


No comments