Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

बलिया की तीन विधानसभा क्षेत्रों में लगेगा वृहद रोजगार मेला, 25 से अधिक कंपनियां करेंगी भर्ती




8वीं पास से स्नातक और आईटीआई- डिप्लोमा धारकों तक को मिलेगा रोजगार का अवसर, 12 से 35 हजार रुपये तक मिलेगा वेतन


बलिया। जनपद के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिले की तीन विधानसभा क्षेत्रों में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। बेल्थरारोड, बैरिया और बाँसडीह विधानसभा क्षेत्रों में क्रमशः 2, 4 और 6 नवंबर को रोजगार मेला आयोजित होगा। इन मेलों में देशभर की 25 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग कर विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का निःशुल्क चयन करेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बेल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र का रोजगार मेला 2 नवंबर को देवेन्द्र पीजी कॉलेज, बेल्थरारोड में आयोजित होगा। वहीं बैरिया विधानसभा क्षेत्र का मेला 4 नवंबर को श्री सुदृष्टि बाबा स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सुदिष्टपुरी, रानीगंज में तथा बाँसडीह विधानसभा क्षेत्र का मेला 6 नवंबर को स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बाँसडीह में लगाया जाएगा। तीनों स्थानों पर रोजगार मेले की शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी।

रोजगार मेले में प्रोमोकाश आउटसोर्सिंग सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से अतुल ऑटो, फ्लिपकार्ट, केल्विन पाइप, सिल्वर कंज्यूमर इलेक्ट्रिक और टाटा मोटर्स सहित एलएंडटी, महिंद्रा, वेब्स कॉरपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड, सेफ एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स, अशोक लेलैंड, एमआरएफ टायर्स, हिंदुजा लेलैंड और सुब्रोस जैसी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। कंपनियों की ओर से सुरक्षा गार्ड, ऑपरेशन असिस्टेंट, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ट्रेनर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर और टेक्नीशियन सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 12 हजार से 35 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन (सीटीसी) दिया जाएगा। इस रोजगार मेले में अकुशल श्रमिकों के साथ ही आठवीं, दसवीं, बारहवीं, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा उत्तीर्ण और कौशल प्रशिक्षित अभ्यर्थी भी प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक युवाओं को रोजगार संगम पोर्टल https://rojgaarsangam.up.gov.in पर अपना पंजीयन कराकर अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुसार इच्छुक कंपनियों के पदों पर आवेदन करना होगा। अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में शामिल होने के लिए सुबह 10 बजे अपने सभी शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रति एवं छायाप्रति के साथ उपस्थित होना होगा। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रकार का यात्रा व्यय देय नहीं होगा।

रोजगार मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 155330 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिला सेवायोजन कार्यालय, बलिया से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।



रिपोर्ट त्र्यंबक पांडेय गांधी

No comments