सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर मजबूत राष्ट्र का करें निर्माण : डीएम
बलिया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
जिलाधिकारी ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में सरदार पटेल का योगदान अविस्मरणीय है। अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से उन्होंने देशी रियासतों के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण और एकता की भावना की प्रेरणा देता है।
उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हुए देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। इस दौरान सभी ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट त्रयंबक पांडेय गांधी


No comments