कलेक्ट्रेट में आयुष्मान कार्ड शिविर का डीएम ने किया निरीक्षण, पात्र लोगों से लाभ उठाने की अपील
बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में लगाए गए आयुष्मान कार्ड शिविर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्ड बनाने की प्रक्रिया और लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों समेत पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड निःशुल्क बनाए जा रहे हैं। पात्र लोग कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में पहुंचकर अपना कार्ड बनवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को उपचार की सुविधा मिलती है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपना आधार कार्ड साथ लेकर आएं और महज पांच मिनट में आयुष्मान कार्ड बनवाएं। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में आने वाले पात्र लोगों के लिए भी आयुष्मान कार्ड बनवाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
डीएम ने बताया कि जनपद वर्तमान में आईजीआरएस में 11वें स्थान पर है। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने पात्र लोगों से आयुष्मान कार्ड बनवाकर योजना का लाभ लेने की अपील की।
रिपोर्ट, त्र्यंबक पांडेय गांधी



No comments