दो से छह नवंबर तक बलिया में जुटेंगे देशभर के फुटबॉलर
70वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता में 45 टीमों के 810 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
बलिया। जिले में दो से छह नवंबर तक 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय फुटबॉल (अंडर-17 बालक वर्ग) प्रतियोगिता आयोजित होगी। देशभर से 45 टीमों के करीब 810 खिलाड़ी इसमें दमखम दिखाएंगे। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रतियोगिता के लोगो और शुभंकर का विमोचन किया।
मंत्री ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, परिवहन, चिकित्सा और सुरक्षा की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्य मुकाबले वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में होंगे। इसके अलावा टाउन पॉलिटेक्निक, सतीश चंद्र महाविद्यालय, रामदहिन सिंह इंटर कॉलेज आमघाट और शेर ग्राम सभा के मिनी स्टेडियम को भी चिह्नित किया गया है।
जेडी आजमगढ़ डॉ. राजेश कुमार आर्य ने बताया कि खिलाड़ियों के साथ 135 कोच व टीम मैनेजर तथा करीब 100 अधिकारी मौजूद रहेंगे। लगभग 90 बाल व्यायाम प्रशिक्षकों की भी व्यवस्था की जाएगी। आयोजन के लिए विभिन्न समितियों के गठन की प्रक्रिया चल रही है।
खिलाड़ियों के लिए होटल में ठहरने, बस व कार से परिवहन और सामूहिक भोजन की व्यवस्था की जा रही है। स्वागत किट में बैग, ट्रैक सूट, टी-शर्ट, शॉर्ट्स, कैप और स्मृति चिह्न देने की तैयारी है। स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा और सुरक्षा के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन से बलिया को खेल के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी और स्थानीय खिलाड़ियों को देशभर की प्रतिभाओं से सीखने का अवसर मिलेगा।
रिपोर्ट त्र्यंबक पांडेय गांधी




No comments