डीएम की अध्यक्षता में बैठक, सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में लगेंगे कैम्प
बलिया। निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद मतदाता सूची में छूटे हुए नामों को शामिल करने तथा पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं का पंजीकरण कराने के उद्देश्य से जनपद में विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत 17 अक्टूबर (शनिवार) और 24 अक्टूबर (शनिवार) को जिले के सभी सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इस संबंध में गुरुवार को शाम पांच बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें विशेष अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के 13 अक्टूबर 2026 के पत्र के क्रम में आयोजित होने वाले इन विशेष कैम्पों में मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित लोगों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक चलेंगे कैम्प विशेष कैम्प निर्धारित दोनों तिथियों पर सुबह 10 बजे से अपराह्न चार बजे तक संचालित होंगे। प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) पर्याप्त संख्या में फार्म-6 के साथ उपस्थित रहेंगे। उनके पास विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली तथा उसके बाद प्रकाशित सभी पूरक सूचियां भी उपलब्ध रहेंगी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां मतदाताओं को फार्म भरने और पंजीकरण संबंधी प्रक्रिया पूरी करने में सहायता दी जाएगी। कैम्प में प्राप्त होने वाले सभी फार्मों का व्यवस्थित अभिलेखीकरण भी सुनिश्चित किया जाएगा। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के इच्छुक पात्र नागरिकों को कैम्प में अपनी अद्यतन फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां लेकर पहुंचना होगा। यदि परिवार के किसी सदस्य के मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) की संख्या उपलब्ध है, तो उसे भी साथ लाने की अपील की गई है। सातों विधानसभा क्षेत्रों में होगा अभियान जनपद के 357- बेल्थरा रोड (अजा), 358-रसड़ा, 359- सिकंदरपुर, 360-फेफना, 361-बलिया नगर, 362-बांसडीह और 363-बैरिया अभियान की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। शहरी क्षेत्रों में रिक्शों पर लाउडस्पीकर लगाकर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में डुगडुगी बजवाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस कार्य में ग्राम प्रधानों, सभासदों और राजनीतिक दलों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए उनसे सक्रिय सहयोग लेने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का उद्देश्य विशेष अभियान के माध्यम से निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों और नए युवा मतदाताओं को जोड़ना तथा मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाना है। बैठक में एडीएम अनिल कुमार एवं राजनैतिक दल आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट त्र्यंबक पांडेय गांधी



No comments