Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

बच्चों को कृषि विज्ञान पढ़ने को करें प्रेरित : कृषि वैज्ञानिक



सुखपुरा,बलिया । आज के युवा कृषि विज्ञान पढ़ने से विमुख हो रहे हैं यह राष्ट्र के लिए चिंता का विषय है।अपने बच्चों को कृषि विज्ञान पढ़ने के लिए प्रेरित करें ताकि उनका रुझान खेती किसानी में हो जिससे वह राष्ट्र को सबल बना सकें। यह बातें कृषि वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष कृषि विज्ञान केंद्र सोहांव के अध्यक्ष प्रोफेसर रवि प्रकाश मौर्य ने कही। वह संत यतीनाथ विद्यापीठ सुखपुरा के समीप आयोजित कृषक गोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कहा कि ज्यादातर अभिभावक जुलाई-अगस्त में अपने बच्चों को  स्नातक स्तर के कृषि विज्ञान की पढ़ाई के प्रवेश हेतु चिंतित व परेशान होते हैं जबकि विश्वविद्यालयों में  फरवरी-मार्च से ही इसकी प्रक्रिया शुरू हो जाती है।


अभिभावक समय रहते अपने बच्चों का प्रवेश कृषि  विज्ञान के स्नातक स्तर की कक्षाओं में  करावें निश्चित रूप से बच्चों का भविष्य सुखद होगा और राष्ट्र भी सबल होगा।उन्होंने किसानों से जैविक विधि से खेती-किसानी करने का भी आह्वान किया।विषय वस्तु विशेषज्ञ राजीव कुमार सिंह ने सब्जी की खेती करने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया।कहा कि खेती किसानी को आय का स्रोत बनाएं।आप खेती किसानी से आर्थिक रूप से सबल होंगे।क्षेत्रीय प्रबंधक वेद प्रकाश सिंह ने फसलों में उचित मात्रा एवं समय से पानी एवं जैविक खाद डालने की विस्तार से जानकारी दी।


जिला कृषि रक्षा अधिकारी एवं प्रभारी खंड विकास अधिकारी बेरुआरबारी प्रिया नंदा ने किसानों से जैविक फसलों पर लगने वाले कीटों को नष्ट करने के लिए जैविक कीटनाशक का प्रयोग करने की सलाह दी।उन्होंने जैविक कीटनाशक बनाने की प्रक्रिया भी विस्तार से बताई।एडीसीओ विनोद कुमार मौर्य ने सहकारिता विभाग से किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की विशद चर्चा की।प्रायः सभी वक्ताओं ने किसानों को पराली नहीं जलाने की हिदायत दी।


गोष्ठी में राम बहादुर राजभर,वीरेंद्र यादव,बरमेश्वर नाथ पांडेय,झलन यादव,विनोद सिंह  ने किसानों की समस्याएं रखीं  जिसका त्वरित निराकरण कृषि वैज्ञानिकों ने किया।इस मौके पर अभिमन्यु चौहान,अनिल सिंह,छबीला यादव,उमा शंकर तिवारी,सुभाष जी,सुरेंद्र सिंह,मधुसूदन पांडेय आदि मौजूद रहे।अतिथियों का स्वागत उमेश कुमार सिंह ने किया।अध्यक्षता हरींद्रनाथ उपाध्याय एवं संचालन राजेंद्र सिंह गंवार ने किया।आयोजक विजय शंकर सिंह ने आभार व्यक्त किया।




रिपोर्ट  : अनिल सिंह।

No comments