Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

आज आस्था की डुबकी लगायेंगे गंगा भक्त,बम—बम हुई भृगु नगरी



बलिया। गंगा में डुबकी के साथ अपना इहलोक व परलोक सुधारने की मान्यता के साथ आज यानि मंगलवार को लाखों की तादाद में लोग आस्था की डुबकी लगायेगें। कार्तिक पूर्णिमा के पुनित मौके पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम सोमवार की सुबह से ही बलिया नगर में उमड़ पड़ा। जिससे भृगु नगरी बम—बम करती नजर आयी।


आस्था के उमड़े जन सैलाक को नियंत्रित करने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस लाइन के आगे त्रिपाठी हाल में पुलिस ब्रीफिंग में डीएम श्रीहरि प्रताप शाही ने कहा कि भीड़ की हर गतिविधि पर नजर बनाए रखना है। दूर-दराज से पूरी आस्था के साथ आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा ना हो, इसका विशेष ध्यान रखना है। सिटी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि मेडिकल की चार टीमें जहां लगाई गई हैं, उनका नम्बर सबके पास रहे। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि सुरक्षित घाट पर ही श्रद्धालुओं को स्नान कराना है। खतरनाक घाट पर जाने वाले रास्ते की ओर किसी को नहीं जाने देना है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर रहने वाले हर जवान के पास सिटी व डंडा जरूर रहे, ताकि आसानी से भीड़ को रास्ता दिखाया जा सके।

सुरक्षित स्नान कराना हम सबका कर्तव्य: एसपी


पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ ने कहा कि श्रद्धालुओं के सुरक्षित तरीके से स्नान कराना ही हम सबका आज का कर्त्तव्य है। जहां ड्यूटी हो वहां पूरे मनोयोग के साथ मुस्तैद रहें। एसपी ने कहा कि जहां तक वाहन आ सकते हैं, वहां तक लोगों को सुगमता से आने दिया जाए। चारों तरफ उन जगहों पर बैरियर लगा दिया जाए। वहां से कोई वाहन नहीं आएगा, श्रद्धालु पैदल ही जाएंगे। एसपी ने कहा कि बड़ी संख्या महिला श्रद्धालुओं की भी होती है। ऐसे में अगर रास्ते से जुड़ी जानकारी कोई पूछता है तो विनम्रता पूर्वक उन्हें बताना भी है। उन्होंने यातायात और वाहन पार्किंग की व्यवस्था सुदृढ़ रखने पर भी विशेष जोर दिया।

कटहल नाला के पास रहें सतर्क


कटहल नाला के पास जिनकी ड्यूटी लगी है उनको हर समय सतर्क रहना है। वहां जो बैरिकेडिंग लगी है उसके पास तक कोई ना जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत बैरिकेडिंग को टच तक नहीं करने देना है। उन्होंने यह भी कहा कि घाट पर जिनकी ड्यूटी है, नाविकों के साथ रहने वाले गोताखोर और सिपाहियों से भी हमेशा संपर्क में रहें। श्रद्धालुओं से निवेदन करना है कि पानी में लगी बैरिकेडिंग से आगे किसी भी हालत में ना जाए।



सेवा स्टाल लगाकर स्नानार्थियों का किया गया सेवा


बलिया। वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति के तत्वावधान में चित्तू पांडेय चौराहा के समीप सेवा स्टाल लगाया गया। जिसका शुभारंभ पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष लक्ष्मण गुप्ता ने फीता काटकर किया। इस दौरान कार्तिक पूर्णिमा स्नान करने वाले स्नानार्थियों के लिए चाय, बिस्कुट, दवा आदि की व्यवस्था की गई थी। पूर्व चेयरमैन लक्ष्मण गुप्ता ने कहा कि स्नानार्थियों के लिए सेवा स्टॉल लगाना सराहनीय कार्य है। लोगों को हर प्रकार की सुविधा सेवा स्टालों के माध्यम से मिले यही कामना है। इस मौके पर अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद पांडेय, अमावस राम यादव, सत्यप्रकाश पांडेय, सूरज समदर्शी, महमुद आलम, राजेंद्र चौधरी, पंचानन सिंह, विश्वनाथ चौधरी, अफसर अली, रामनाथ पासवान, नागेंद्र प्रताप श्रीवास्तव, सुदेश लाल, सुशील यादव, गुलाबचंद, सालीक प्रसाद सिंह, फतेह चंद्र बेचैन आदि उपस्थित रहे। शाम को करीब 3:00 बजे से स्टाल शुरू हो गया। जिसके माध्यम से लोगों का सेवा किया जाता रहा।                                                                                                                                       

रिपोर्ट : अजित ओझा

No comments