Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

पुलिस के खिलाफ नप अध्यक्ष प्रतिनिधि जनसभा कर लगाए भ्रष्टाचार का आरोप



एक सप्ताह में नही हटाये गए कोतवाल व चौकी इंचार्ज तो होगा थाने का घेराव


बैरिया (बलिया): बैरिया थाना व पुलिस चौकी में व्याप्त भ्रष्टाचार व लूटखसोट व दलालों के बोलबाला को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार वर्मा मंटन ने बैरिया डाक बंगला में शुक्रवार को कस्बा निवासियों की बैठक की। जिसमें पुलिस पर अपना भड़ास निकालते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ने कहा कि अब तक के सभी भ्रष्टाचार के रिकार्ड टूट गए हैं। प्रभारी निरीक्षक व चौकी इंचार्ज बैरिया सहित कई सिपाही भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। जिनके तत्काल स्थानांतरण व निलंबन के लिए बड़ा जनांदोलन शुरू किया जाएगा।


अध्यक्ष प्रतिनिधि ने कि किसी भी मामले में पुलिस बिना पैसा लिए काम नहीं कर रही है। पुलिस कहती है कि पैसे झेल जाओ वरना जेल जाओ। उन्होंने आरोप लगाया कि भूमि विवाद में मिश्र के मठिया गांव पहुंची पुलिस ने कानून को ताक पर रखकर कारनामे किए। वहीं पशु पालकों को कसाई बताकर उनकी जर्सी गाय को जब्त कर उन्हें जेल भेज दिया। उन गायों को नगर पंचायत के पशु आश्रय केंद्र में दाखिल कराया गया। फिर किसी दलाल को उसमें से दो गायों को देने के लिए चौकी इंचार्ज द्वारा रात में ही पशु आश्रय केंद्र खोलवा कर गाय निकालवाने का प्रयास किया  गया। ऐसा नहीं करने पर चौकी इंचार्ज द्वारा मेरे साथ व पशु आश्रय केंद्र के कर्मचारियों के साथ बदसलूकी की गई। जिसका आडियो मेरे पास मौजद है। इस बीच पुलिस के उत्पीड़न के शिकार दर्जनों लोगों ने अपनी-अपनी आपबीती मंच पर खड़ा होकर सभा में मौजूद हजारों लोगों को सुनाया। 


नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ने सभा समाप्त होने के बाद हजारों लोगों के साथ जुलूस के शक्ल में बैरिया तहसील गए और वहां पुलिस अधीक्षक के नाम संबोधित पत्र नायब तहसीलदार रजत सिंह को सौंपकर एसएचओ, चौकी इंचार्ज बैरिया व अन्य आरोपित पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण की मांग की। अन्यथा की स्थिति में थाने का घेराव, धरना प्रदर्शन व आंदोलन की चेतावनी दी। 
इस मौके पर सत्येंद्र सिंह, रमाकांत पांडेय, मनोज कुशवाहा, जेपी मिश्र, बड़क सिंह, दिलीप गुप्ता, बीरबल यादव, रवींद्र मौर्य, उमेश मौर्य, रणजीत वर्मा, डुलडुल पांडेय, सिकू मिश्र, प्रकाश मौर्य, बड़ेलाल सिंह, सुनील राम व प्रधान हरेराम यादव सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।

                                                             



रिपोर्ट : धीरज सिंह

No comments