जिलाधिकारी ने सीएचसी सीयर का किया निरीक्षण दी चेतावनी
बलियाः जिलाधिकारी ने गुरूवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सीयर में स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। चिकित्सकों की उपस्थिति व मरीजों की भीड़ के बीच जिलाधिकारी ने मरीजों से वहां की स्थिति से सम्बन्धित जानकारी ली। वहां चिकित्सा अधीक्षक डाॅ वीपी चैधरी के अलावा सभी डाॅक्टर मौजूद थे। निरीक्षण के बाद चिकित्सा व्यवस्था पर तो उन्होंने संतोष जताया, पर दवाओं की उपलब्धता से सम्बन्धित जानकारी अपडेट नहीं होने, साफ-सफाई व शौचालय की स्थिति बेहद खराब होने पर सुधार करने की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने वहां उपलब्ध टेली मेडिसीन (वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए केजीएमसी लखनऊ के चिकित्सक द्वारा देखने) की व्यवस्था को देखा। एक्सरे मशीन, जांच लैब, वार्ड में भी भ्रमण किया। उन्होंने मरीजों से वहां की व्यवस्था से जुड़ी जानकारी ली। हालांकि वहां की भीड़ वहां की बेहतर चिकित्सा व्यवस्था को बताने के लिए काफी थी। दवाओं की उपलब्धता के बावत फार्माशिष्ट से पूछताछ की तो साफ जवाब नहीं दे पाए। दवाओं की उपलब्धता से सम्बन्धित जानकारी दीवाल पर लिखी तो थी, पर अपडेट नहीं थी। जिलाधिकारी ने उसे बोर्ड पर लिखवाकर लगवाने और हमेशा अपडेट रखने के निर्देश दिए। दवा वितरण व पंजीकरण एक ही काउंटर से होने पर उसे अलग-अलग करने को कहा। वार्ड में जाकर मरीजों व तीमारदारों से जानकारी लेकर वहां की सुविधाओं का सत्यापन किया। महिला चिकित्सक डाॅ पूजा सिंह के कार्य को वहां मौजूद महिला मरीजों ने बेहतर बताया, जिस पर जिलाधिकारी ने डाॅक्टर का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उनके साथ एसडीएम राजेश कुमार यादव साथ थे।
तहसील व ब्लाॅक का किया भ्रमण
जिलाधिकारी ने बेल्थरारोड में तहसील व विकास खण्ड सीयर का भी निरीक्षण किया। हालांकि यह सामान्य निरीक्षण रहा, जिसमें थोड़ी बहुत मिली कमियों को दूर करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।एसडीएम बेल्थरा के आवास पर पहुंचने के बाद वहां मेन सड़क की तरफ से साफ-सफाई कराकर गेट लगवाने का निर्देश एसडीएम राजेश यादव को दिया। साथ ही आवास के आसपास बेकार पड़े भवनोें को निस्तारित कराने को कहा। विकास खंड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान मनरेगा सेल में गए और वहां कार्य और मनरेगा खर्च से सम्बन्धित जानकारी एपीओ सुमित सिंह से ली। उन्होंने ग्राम पंचायत के मुकाबले रोजगार सेवक कम होने का कारण भी पूछा।
रिपोर्ट : धीरज सिंह


No comments