कुशहास को हरा रतसर बना अंतर्जनपदीय क्रिकेट का सरताज
रतसर (बलिया) । कचबचिया गांव में चल रहे अन्तर्जनपदीय क्रिकेट टूर्नामेन्ट के टी-20-20 मैच का फाइनल रतसर एवं कुशहास के बीच खेला गया, जिसमें रतसर की टीम 49 रनों से विजयी रही। मैच का उद्घाटन भाजपा के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू ने फीता काटकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल की शुरुआत कराई।
कुशहास टीम के कप्तान राजेश यादव ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए रतसर की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। जबाब में उतरी कुशहास की टीम ने 12 ओवर में 9 विकेट गवांकर केवल 218 रन ही बना सकी। इस तरह से रतसर की टीम ने आसानी से फाइनल मैच अपने नाम कर किया। ओपनिंग करने आए रतसर टीम के सलामी बल्लेबाज सुग्रीव 80 एवं रहीम 51 ने 131 रनों की जबरदस्त पारी खेली ।
मैच के मैन आफ द मैच रहे रतसर टीम के शशिकान्त ने 4 विकेट लिया। मैन आफ द सिरीज का खिताब रतसर के सुग्रीव को दिया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए वार्ड नं०- 46 के जिला पंचायत पद के प्रत्याशी अतुल कुमार सिंह ने कहा कि मैच खेलने से ना सिर्फ शारीरिक एवं मानसिक बृद्धि होती है बल्कि एक टीम भावना भी विकसित होती है। इस तरह के मैच का आयोजन होते रहना चाहिए।
मैच के विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। साथ ही मैन आफ द मैच एवं मैन आफ द सीरीज के खिलाड़ियों को मेडल प्रदान करते हुए नगद पुरस्कार दिया गया। अन्त में इस टूर्नामेंट की सफलता के लिए अतुल प्रताप सिंह ने सबके प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट धनेश पांडे


No comments