युवती को अगवा करने का किया प्रयास,विरोध करने पर गर्म तेल डाला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में घर में खाना बना रही युवती को दबंगों ने जबरन उठाकर ले जाने का प्रयास किया। युवती के विरोध करने पर दबंगों ने चूल्हे पर रखी गर्म तेल की कढ़ाई उसके ऊपर उड़ेल दी। जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। चीख पुकार सुनकर आरोपित मौके से फरार हो गए।
मामला फिरोजाबाद के थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव गढ़ीदया का है। गांव के छोटेलाल पुत्र मोहन लाल का आरोप है कि शनिवार शाम करीब छह बजे उनकी पुत्री खुशबू घर में खाना बना रही थी। तभी गांव के ही गनोरंजन, अमरदीप पुत्रगण महेश और मोहित घर में घुस आए और उनकी पुत्री को जबरन उठाकर ले जाने का प्रयास करने लगे। जब उसने विरोध किया तो आरोपितों ने उसके ऊपर चूल्हे पर रखी गर्म तेल की कढ़ाई उड़ेल दी, जिससे वह काफी झुलस गई।
शोर सुनकर आस-पास के लोग एकत्रित हुए। इसके बाद भीड़ को आता देख आरोपित मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से झुलसी युवती को लोगों ने एफएच मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं इस मामले में पुलिस ने साफ तौर पर कहा है झगड़े के दौरान यह हादसा हुआ है। लड़की को उठा कर ले जाने का मामला नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई कर रही है, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
डेस्क
No comments