भ्रष्टाचार का विरोध करने पर मेरे पुत्र पर मारपीट का फर्जी मुकदमा कराया गया : विधायक सुरेंद्र सिंह
उक्त उद्गार बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह के हैं, जो बैरिया डाक बंगला परिसर में गुरूवार को आयोजित भाजपा के चेतावनी रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बैरिया तहसील में भ्रष्टाचार का नंगा नाच हो रहा है, हमारी सरकार और हमारे मुख्यमंत्री जीरो टालरेंस की बात कर रहे हैं। उस पर काम भी हो रहा है और उसके उलट सरकारी कर्मचारी व अधिकारी यहां लूट मचाए हुए हैं। उन्हें मैं चेता रहा हूं कि वह भ्रष्टाचार करना छोड़ दें अन्यथा उन्हें अपमानित करते यहां से भेज दिया जाएगा। विधायक ने जोर देकर कहा कि मैंने जीवन में कभी भ्रष्टाचार को समर्थन नहीं दिया है, न आगे दूंगा। मैं इस क्षेत्र के पांच लाख जनता-जनार्दन का अभिभावक हूं, उनके साथ किसी भी तरह की गैर कानूनी कार्य करने की इजाजत सरकारी कर्मचारियों व अधिकारियों को नहीं दी जाएगी।
विधायक सुरेंद्र सिंह ने बैरिया के एसडीएम पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें तुरंत यहां से हाने की मांग जिलाधिकारी से की है। विधायक ने स्पष्ट किया कि इस संदर्भ में मैंने आयुक्त व जिलाधिकारी से बात की है। उन्होंने कहा है कि बैरिया में सजा के रूप में पोस्टिंग की जाती है। अगर यहां नहीं सुधरेंगे तो कहां सुधरेंगे। अधिकारियों की दृष्टि में बैरिया विधान सभा क्षेत्र डेंजर जोन है। भला डेंजर जोन में लूट-खसोट की छूट कैसे दी जाएगी। सुरेंद्र सिंह ने कहा कि इस बाबत मैंने प्रदेश अध्यक्ष सहित अपने बडे नेताओं को बता दिया है, जल्द ही भ्रष्ट अधिकारियों को यहां से विदाई करने के लिए बड़ा कार्यक्रम किया जाएगा।
इस अवसर पर तेजनारायण मिश्र, मंटू बिंद, मूटन राय, पतिराम सिंह, धर्मवीर उपाध्याय, नंदजी सिंह, वीरेंद्र शर्मा, विजय बहादुर सिंह, शैलेश पासवान, अखिलेश्वर सिंह, डब्लू सिंह, रंजय सिंह, हरि सिंह, विजय बहादुर सिंह सहित दर्जनों लोगों ने अपने विचार रखते हुए विधायक के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का संकल्प दुहराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष रत्नेश सिंह व संचालन हरिकंचन सिंह ने किया।
लोगों का गुस्सा जायज है : विनोद सिंह
इंटक के जिलाध्यक्ष विनोद सिंह ने तहसीलकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विधायक सुरेंद्र सिंह का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने दुबेछपरा में छह माह पूर्व घोषणा किया था कि 12 घंटे के भीतर सभी कटान व बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा दे दिया जाय किंतु अभी तक 75 लोगों को छह माह बात भी मुआवजा नहीं दिया गया। उक्त लोग तहसील का चक्कर लगा रहे हैं, कोई सुनने को तैयार नहीं है। केहरपुर, गोपालपुर के कटान पीड़ितों को बसाने का आदेश एडीएम ने दिया था। बहुआरा के 58 कटान पीड़ितों को 30 वर्षों के बाद भी नहीं बसाया गया, सहित अन्य कई जनहित के मुद्दे हैं, जिन्हें बैरिया तहसील के कर्मचारी व अधिकारी मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी व कोर्ट के आदेश के बावजूद ताक पर रख दिए हैं। ऐसे में संघर्ष नहीं होगा तो क्या होगा।
इस लड़ाई में विधायक के साथ : शिवकुमार वर्मा मंटन
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार वर्मा मंटन ने इस प्रकरण पर विधायक सुरेंद्र सिंह का समर्थन करते हुए कहा है कि बैरिया तहसील सहित अधिकांश सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार का नंगा नाच हो रहा है। जनता-जनार्दन व विधायक सुरेंद्र सिंह का गुस्सा जायज है। मैं इस लड़ाई में उनके कदम से कदम मिलाकर चलूंगा।
रिपोर्ट : डीके सिंह
No comments