Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

पिता ने 10 साल के बेटे को दी तालिबानी सजा, वीडियो हुआ वायरल तो हरकत में आई पुलिस




   

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक बेरहम पिता ने अपने ही मासूम बेटे को तालिबानी सजा दे डाली। पिता ने मासूम बेटे को पहले रस्सी से बांधकर खिड़की के सहारे उल्टा लटका दिया। इसके बाद उसे बेरहमी से पीटता रहा। लोगों ने उसको ऐसा करने से रोका भी, लेकिन वह नहीं माना। मौके पर मौजूद किसी शख्स ने घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।

मामला आगरा के जगनेर थाना क्षेत्र के गांव मेवली का है। जानकारी के मुताबिक, यहा रहने वाले गुड्डू खां का 10 साल का बेटा बीते शुक्रवार को अपने घर से गेहूं चुराकर दुकान पर कुछ सामान लेने गया था। गेहूं चुराने की खबर गुड्डू खां को हो गई। इसके बाद उसने अपने बेटे को रस्सी से बांध दिया। फिर कमरे के बाहर खिड़की के सहारे उसे उल्टा लटका दिया। हैवान बने पिता ने मासूम को बेरहमी से पीटा। उसकी नंगी पीठ पर पानी डाल-डाल कर कोड़े मारता रहा। इस दौरान बेटा अपने पिता से चीख-चीख कर रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन बेरहम पिता का दिल नहीं पसीजा।

बच्चे की आवाजें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने गुड्डू को ऐसा करने से रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। करीब 10 मिनट तक गुड्डू अपने बेटे को बेरहमी से पीटता रहा। पिटाई से बच्चे की हालत गंभीर हो गई, इसके बाद उसे उतारा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर​ लिया।
इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक कुशलपाल सिंह ने बताया कि एक बच्चे की पिटाई का वीडियो सामने आया है। जांच के बाद आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस की तरफ से बाल उत्पीड़न का केस दर्ज किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी की पत्नी मायके रह रही है। बेटा उसके साथ यहां रहता है। एसपी ग्रामीण रवि कुमार ने बताया​ कि घटना जगनेर थाना क्षेत्र के मवेली गांव की है। आरोपी के तीन बच्चे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


डेस्क

No comments