Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

महिला ने नवजात के गले में रुमाल का फंदा लगाकर खूंटी से लटकाया, मौत

 





जयपुर। राजस्थान के सीकर जिला मुख्यालय पर हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सीकर में पिपराली रोड स्थित सूर्य नगर में बुधवार सुबह एक मां ने पहले अपनी तीन माह की बेटी को रुमाल का फंदा बनाकर दीवार पर लगी खूंटी से लटकाकर उसकी जान ले ली। इसके बाद खुद ने भी चुन्नी से पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के बाद दोनों के शव एसके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। गुरुवार सुबह मृतका के पीहर पक्ष के सामने दोनों का पोस्टमार्टम किया गया।

जानकारी के अनुसार 38 वर्षीय विजय लक्ष्मी पत्नी अनिल हरियाणा नारनौल के खातौली गांव की रहने वाली थी। इसकी शादी 2004 में सीकर के पिपराली रोड सूर्य नगर निवासी अनिल बलाई के साथ हुई थी। विजय लक्ष्मी कुछ दिन पहले ही अपने पीहर गई थी। एक जनवरी को ही ससुराल आई थी। पति अनिल उसे लेकर आया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अनिल ने बताया कि मंगलवार रात उसकी पत्नी अपनी तीन माह की बेटी गुड़िया को लेकर सो गई थी। अनिल का एक्सीडेंट होने के कारण वह बीमार था और बगल वाले कमरे में सो रहा था। सुबह सात बजे वह उठा तो उसने अपनी पत्नी को आवाज लगाई। जवाब नहीं मिला तो वह उसके कमरे में गया। यहां देखा की उसकी पत्नी विजय लक्ष्मी पंखे से चुन्नी का फंदा लगाकर लटकी हुई थी।

कमरे में पास ही दीवार पर उसकी तीन माह की बेटी खूंटी से लटकी हुई थी। पिता की मदद से दोनों को फांसी के फंदे से नीचे उतारा और बेड पर लिटाया। घटना की सूचना सीकर उद्योग नगर पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने साक्ष्य जुटाए और शवों को मुर्दाघर में रखवाया।

पुलिस के अनुसार दोनों पति पत्नी के बीच पहले से मनमुटाव चल रहा था। विजय लक्ष्मी ने पति अनिल के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मुकदमा भी दर्ज कराया था। हालांकि बाद में दोनों में समझौता होने पर साथ रहने लगे थे। विजय लक्ष्मी का पति स्कूल में पढ़ाता था। अभी हाल ही में उसका एक्सीडेंट होने पर वह बीमार चल रहा था।

डेस्क

No comments