Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

स्वामी विवेकानंद का संदेश सदैव युवाओं को प्रेरित करता रहेगा : कौशलेंद्र

 


बेल्थरारोड, बलिया। नेहरू युवा केन्द्र द्वारा स्वामी विवेकानन्द जयंती से 19 जनवरी तक चलाये जाने वाले युवा सप्ताह कार्यक्रम के अंतिम दिन बुधवार को नगरा क्षेत्र के नेहरू युवा मण्डल डिहवा द्वारा गांव के प्राथमिक विद्यालय पर राष्ट्रीय युवा सप्ताह समापन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीनाथ मठ रसड़ा के महंत कौशलेंद्र गिरी एवं विशिष्ट अतिथि भाजपा के जिला महामंत्री आलोक शुक्ल ने संयुक्त रूप से स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

           समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कौशलेंद्र गिरी ने कहा  कि विवेकानंद जी संसार में अपने तरह के अलग संयासी थे।जिन्होने संचार के नये आयाम प्रस्तुत किये।उनका जीवन जितना छोटा है,प्रकाश पथ उतना ही सशक्त। उनका संदेश सदैव युवाओं को प्रेरित करता रहेगा।उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे विवेकानन्द के मानव सेवा संदेश को सूत्र के रूप में आत्मसात करें और स्वच्छता, सेवा, विकास  आदि के क्षेत्र में नए भारत की रचना में योगदान दें। विशिष्ट अतिथि आलोक शुक्ला ने कहा कि स्वामी जी मात्र 39 वर्ष की अवस्था में पूरे विश्व में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कहे कि नेहरू युवा केंद्र का उद्देश्य है कि हर युवा देश समाज के बारे में सोचे। देश को वहां पर प्रतिस्थापित करें, जहां विवेकानंद जी देश को पहुंचाए थे। आज युवा वर्ग को स्वामी जी से प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने शिकागो के धर्म सम्मेलन में अपने ज्ञान के भंडार को खोल दिया, जिससे विश्व के लोग उनसे प्रभावित होकर भारतीय संस्कृति एवं विचार को अपनाने लगे। कार्यक्रम से पूर्व आयोजक राजकुमार पाण्डेय ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को स्मृति चिन्ह, पुष्प गुच्छ एवं अंग वस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने दो दर्जन से अधिक वृद्ध एवं असहाय महिला पुरुषों के बीच कम्बल एवं साल वितरित किया। नेहरू युवा मण्डल वीरपुरा के शंकर, शुभम ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। भाजपा मण्डल अध्यक्ष अरविंद नारायण सिंह, शिक्षक सुधीर तिवारी, अशोक पाण्डेय, संजय सिंह, राजू सोनी, फतेह बहादुर सिंह, अमरेन्द्र सोनी, सत्यम चौबे आदि ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता ओमप्रकाश सिंह व संचालन क्षेत्र पंचायत सदस्य राकेश कुमार सिंह ने किया। अंत में राजकुमार पाण्डेय ने आगंतुक अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

                               

संतोष द्विवेदी

No comments