जाने क्यों लखनऊ से दिल्ली तक दौड़ लगा रहे हैं सभी पार्टियों के दावेदार
बलिया। चुनाव की घोषणा होने के साथ ही सभी पार्टियों के टिकट के दावेदार क्षेत्र छोड़कर टिकट के लिए लखनऊ और दिल्ली के चक्कर लगा रहे हैं। सभी सातों विधानसभा क्षेत्र में नेताओं की सक्रियता कम होने के साथ ही लोगों के बीच सभी दलों के टिकट के दावेदारों के संबंध में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों में से एक बलिया नगर विधान सभा क्षेत्र में चल रही चर्चाओं के अनुसार, यहां सत्ताधारी भाजपा समेत विपक्षी सपा, बसपा एवं कांग्रेस में टिकट के लिए होड़ मची है। सभी दलों के दावेदार क्षेत्र छोड़कर लखनऊ और जरूरत पड़ने पर दिल्ली तक चक्कर लगा रहे हैं। कुछ दलों के दावेदार बड़े नेताओं को अपने पाले में लाने के लिए उनके गृहनगर तक दस्तक देने से गुरेज नहीं कर रहे। सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र पर नजर दौड़ाएं तो सपा, भाजपा और कांग्रेस में दावेदार टिकट के लिए पार्टी के बड़े नेताओं के यहां दौड लगा रहे हैं। यहां बसपा प्रत्याशी घोषित होने के बावजूद अन्य दलों के पत्ते नहीं खुलने से चुनावी सरगर्मी अभी ज्यादा नहीं बढ़ी है। बैरिया में भाजपा में टिकट के दावेदारों की हलचल कम है, यहां सर्वाधिक घमासान समाजवादी पार्टी में दिख रहा है। नतीजा, टिकट के अधिकांश दावेदार नेता लखनऊ में डेरा जमाए हैं। जरूरत महसूस होने पर गाहे-बगाहे दिल्ली तक भी दौड़ लगाने से नहीं चूक रहे। इससे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल कम दिख रही है। वहीं लोगों की निगाह भी विभिन्न पार्टियों के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरने वाले दावेदारों पर टिकी हुई हैं।
---
फेफना और रसड़ा में कम नजर आ रहे दावेदार
जिले की फेफना और रसड़ा में सपा, भाजपा एवं कांग्रेस में दावेदारों की तादाद कम दिख रही है। बसपा ने भले ही रसड़ा में अपने पत्ते खोल दिए हैं, जबकि भाजपा, सपा एवं कांग्रेस में टिकट के दावेदारों की तादाद कम है। इस सीट पर सपा की साझेदार सुभासपा भी भी अपना दावा ठोक रही है। फेफना विधान सभा में योगी सरकार में राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी भाजपा से टिकट के प्रमुख दावेदार है। जबकि सपा में कई दिग्गज इस सीट के लिए दावेदारी ठोग रहे है। कांग्रेस व बसपा में भी फेफना की सीट के लिए कई नेताओं ने दावेदारी की है।
---
नए चेहरे भी बांसडीह में कर रहे दावेदारी
विधानसभा क्षेत्र बांसडीह की बात करें तो यहां पर प्रदेश के सपा के कद्दावर व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी विधायक है। इस सीट पर वर्ष 2017 में सुभापा ने भी उपना उम्मीदवार उतारा था। जबकि तब निर्दलीय उम्मीदवार रही केतकी ने रामगोबिंद को कड़ी टक्कर दी थी। इस बार केतकी भाजपा में है और अपनी दावेदारी कर रही है। इसके अलावा भाजपा के कई नए चेहरे भी अपनी मजबूत दावेदारी इस सीटके लिए कर रहे है। सपा और सुभासपा गठबंधन के कुछ अन्य चेहरे भी यहां पार्टी के टिकट पर भाग्य अजमाने के लिए दौड़ लगा रहे हैं। कांग्रेस और बसपा से भी कई दावेदार टिकट के लिए सक्रिय हैं।
----
नए दावेदारों ने बढ़ाई बेल्थरारोड में सरगर्मी
जिले की एक मात्र सुरक्षित सीट पर भले वर्तमान में भाजपा का कब्जा है, लेकिन इस सीट पर सपा और भाजपा दोनों दलों में टिकट के नए दावेदारों ने चुनावी माहौल को सुर्ख कर दिया है। टिकट के लिए उनके द्वारा पार्टी के आला नेताओं की गणेश परिक्रमा करने से भले ही फिलहाल विधान सभा में खामौशी का आलम है, लेकिन दोनों प्रमुख दलों के नए टिकटार्थियों ने सियासी तापमान को बढ़ा दिया है। इसके अलावा कांग्रेस और बसपा में भी कई नेता अपनी दावेदारी को लेकर पार्टी आलाकमान के दरबार में हाजिरी लगा रहे है।
रिपोर्ट त्रयंबक नारायण देव गांधी
No comments