Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

सुख,शांति,समृद्धि और आरोग्य प्राप्ति का पर्व अनंत चतुर्दशी श्रद्धापूर्वक संपन्न



रतसर (बलिया) अनंत चतुर्दशी का त्योहार शुक्रवार को जिला में आस्था और भक्ति के माहौल में मनाया गया। इसके लिए धार्मिक स्थल और मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी हुई थी।श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ विधि पूर्वक अनंत रक्षा का सूत्र अपनी बांह में बंधवाया। इस दौरान आयोजन में भगवान की कथा भी सुनी। सुबह से ही हाथों में पूजा की थाली लिए लोग पूजन स्थल पर पहुंचने लगे थे। ग्रामीण क्षेत्रों में पूजा को लेकर लोगों का उत्साह चरम पर दिखा। लोग सुबह से ही सामूहिक रूप से पूजा में भाग लिया। कलश की स्थापना कर धागे को कुमकुम, केसर और हल्दी से रंगकर 14 गांठों वाला अनंत सूत्र भगवान विष्णु को अर्पित किया गया। आस्थापूर्वक पूजा संपन्न होने के बाद लोग अनंत सूत्र अपने बाहों में बांधा। धन-धान्य, सुख समृद्धि,आरोग्य प्राप्ति की कामना के लिए की जाने वाली पूजा के बाद लोग अनंत सूत्र धारण कर चौदह दिनों तक निरामिष भोजन करते हैं। बभनौली निवासी पं०मनोज मिश्रा ने बताया कि इस दिन व्रत रखने और अनंत सूत्र को बांधने से जीवन की सभी बाधाओं से मुक्ति मिलती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान ने सृष्टि के आरंभ में चौदह लोकों का निर्माण किया था। इन लोकों का पालन और रक्षा करने के लिए वह स्वयं भी चौदह रूपों में प्रकट हुए थे,जिससे वे अनंत प्रतीत होने लगे। इसलिए अनंत चतुर्दशी का व्रत भगवान विष्णु को प्रसन्न करने और अनंत फल देने वाला माना गया है। मान्यता है कि अनंतसूत्र के 14 गांठें चौदह लोकों का प्रतीक होती है। यह भी मान्यता है कि जो लोग 14 सालों तक लगातार अनंत चतुर्दशी का व्रत रखते है, उसे विष्णु लोक को प्राप्ति होती है।


रिपोर्ट : धनेश पाण्डेय

No comments