Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

नगर पंचायत बनने के बाद भी नहीं मिल रही है सुविधा,जिम्मेदार बेपरवाह

 



रतसर (बलिया)।नव सृजित नगर पंचायत में स्वच्छता अभियान की धज्जियां उठाई जा रही हैं। नगर में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। खुली नालियों में बजबजाती गंदगी और उसकी बदबू से आसपास का इलाका दूषित हो रहा है। वहीं नगर पंचायत के द्वारा कुछ स्थानों पर नाली के सफाई के बाद भी कचरा नहीं उठाने से नाली का कूड़ा वापस नाली में जा रहा है। वहीं नाली का स्लैब ढंका नहीं रहने से स्थानीय बच्चों के गिरने की भी संभावना रहती है। 



स्थानीय निवासी एवं सभासद प्रत्याशी अभिषेक पाण्डेय सहित अन्य लोगों का कहना है कि नगर पंचायत के अधिकारियों का बिल्कुल भी ध्यान नही है। जब लोगों का दबाव बढ़ता है या स्थानीय अधिकारियों से इस बावत कहा जाता है,तो गंदगी के ढेर उठवा दिए जाते हैं। नगर में नियमित सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप है। सफाई कर्मी गंदगी उठाने नियमित रूप से आते ही नहीं हैं। हालात ये हैं कि घर के बाहर गंदगी ही गंदगी दिखाई देती है। गंदगी के ढेर पर मुंह मारते आवारा पशु और भी गंदगी फैला देते हैं। गंदगी में पनपते मच्छर व मक्खियां आसपास मंडराती रहती हैं। जिससे कई तरह की बीमारी होने की आशंका बनी रहती है। नगर के चन्द्रशेखर नगर वार्ड का हाल तो और भी बेहाल है। वार्ड में फैली गंदगी से रहवासियों में नाराजगी है। बता दें कि नगर निकाय  की आरक्षण सूची जारी करने के साथ ही चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। अगले सप्ताह चुनाव की तारीखों का एलान हो जाएगा। नगर निकाय चुनाव के संभावित उम्मीदवार विभिन्न दावों के साथ जनता के बीच पहुंच रहे हैं। अध्यक्ष तथा सभासद पद के संभावित उम्मीदवार लोगों के बीच पहुंचकर विकास के विभिन्न दावे कर रहे हैं। लेकिन विकास के इन दावों के बीच धरातल पर कहीं दिखाई नही देता। रोड पर लगे लाइट के बल्ब फ्यूज होने के कारण सड़कों पर अंधेरा पसरा रहता है। सड़कों की स्थिति खराब है,जल-जमाव की समस्या देखी जा सकती है। वहीं नगर पंचायत के ईओ भी समय से अपने कार्यालय नहीं पहुंचती है जिसके कारण लोग अपनी समस्याओं को लेकर परेशान है।





रिपोर्ट : धनेश पाण्डेय

No comments