श्री विष्णु महायज्ञ में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
गड़वार (बलिया) श्री विष्णु महायज्ञ को लेकर क्षेत्र के गड़वार-बलिया मार्ग पर नवादा मोड़ स्थित श्री निर्मल ब्रह्मबाबा स्थान धर्म नगरी के रूप में परिणत हो गया है। नौ दिवसीय श्री विष्णु महायज्ञ में दूसरे दिन यज्ञ मंडप की प्रदक्षिणा के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्री श्री 1008 ब्रह्मलीन स्वामी हरिहरानंद जी के पावन पुण्यतिथि पर श्री श्री 108 बालसंत शक्तिपुत्र महाराज (बुलेट बाबा) के सानिध्य में आयोजित यज्ञ के दूसरे दिन शुक्रवार की सुबह वैदिक मंत्रोच्चार विधि द्वारा पंचांग पूजन कर यजमानों का मंडप प्रवेश यज्ञाचार्य अमित पाण्डेय,ब्रह्मा विक्रांत उपाध्याय व आचार्य सहयोगी इंद्रजीत पाण्डेय ने कराया। मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अनुष्ठान के दौरान मंडप परिक्रमा के लिए महिला-पुरुष,बच्चे बुढ़े सभी उम्र के लोग भारी संख्या में पहुंचे थे। यज्ञ परिसर में प्रवेश करने के साथ ही श्रद्धालुओं ने सभी देवी-देवताओं की विधिवत पूजा अर्चना की इसके बाद यज्ञ मंडप की परिक्रमा की। सुबह से शुरू हुआ परिक्रमा का क्रम दोपहर से पहले तक चलता रहा।इस दौरान देवी- देवताओं के जयकारे से पूरा वातावरण गुंजयमान हो उठा। यज्ञ परिसर में बनाए गए विशाल व भव्य प्रवचन मंच पर अयोध्या से पधारे बालसंत शक्तिपुत्र जी महाराज ने अपने प्रवचन के दौरान भगवान शिव की महिमा का बखान किया। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से जो भक्त भोले बाबा को याद करते हैं उनके मनोरथ अवश्य पूरे होते हैं। मानव जाति ही नहीं सभी देवताओं के लिए भी भगवान शंकर अति प्रिय हैं। वहीं संध्याकाल में वृन्दावन से पधारी रास मंडली के मंचन को देखकर श्रोता भाव विभोर हो गए। श्री विष्णु महायज्ञ के संचालन समिति मां कालीधाम बभनौली व ग्रामीण पूरी श्रद्धाभाव से अपना सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
रिपोर्ट : धनेश पाण्डेय
No comments