पुलिस ने पकड़ी 92 किलो गांजा की खेप, ट्रेलर चालक गिरफ्तार
सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार शाम एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए ओडिशा से प्रतापगढ़ ले जाई जा रही 92 किलो 460 ग्राम गांजा की खेप बरामद की। गांजा को ट्रेलर में विशेष रूप से बनाए गए बॉक्स में चार बोरियों में छिपाकर रखा गया था, जिसकी अनुमानित कीमत साढ़े 22 लाख रुपये है। पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया और वाहन मालिक समेत दो अन्य तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी कमल नयन दुबे ने रासपहरी गांव में बभनी-मुर्धवा रोड पर एक बंद ढाबे के पास खड़े ट्रेलर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रेलर के डाले में बने बॉक्स से गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार चालक अरुण कुमार सिंह यादव (निवासी दीघा, भोजपुर, बिहार) ने पूछताछ में बताया कि वह ट्रेलर मालिक राजकुमार सिंह (निवासी दाउदनगर, औरंगाबाद) और उनके साथी फुलेंद्र सिंह के निर्देश पर ओडिशा से गांजा लाता था। वह राउरकेला (ओडिशा) में ट्रेलर को चाभी लगाकर छोड़ देता था, जहां एक व्यक्ति गांजा लादकर उसे सौंपता था। इसके बाद वह गांजा प्रतापगढ़, प्रयागराज, आजमगढ़ और जौनपुर जैसे जिलों में पहुंचाता था। उसे प्रति चक्कर 40 हजार रुपये मिलते थे।
एसओ कमल नयन दुबे ने बताया कि अरुण कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में चालान कर कोर्ट में पेश किया गया है। वाहन मालिक राजकुमार सिंह और फुलेंद्र सिंह की तलाश जारी है।
By- Dhiraj Singh
No comments