Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम






पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए, आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज


आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में विनोद निषाद (28) नामक युवक की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना लखमीपुर पेट्रोल पंप के पास एनएच-28 पर सुबह करीब 9:30 बजे की है। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है।


मृतक की पहचान गांव तमरुआ निवासी विनोद निषाद पुत्र टिल्ठू निषाद के रूप में हुई है। वह शुक्रवार सुबह अपनी बाइक से घर से निकला था, पेट्रोल भरवाने और कुछ जरूरी कागजात ऑनलाइन कराने के लिए। पेट्रोल पंप से लगभग 100 मीटर पहले उसकी लाश क्षतिग्रस्त अवस्था में सड़क किनारे डिवाइडर के पास पड़ी मिली, जबकि उसकी बाइक पास में स्टार्ट हालत में खड़ी थी।


ग्रामीणों का मानना है कि विनोद संभवतः लघुशंका के लिए सड़क पार कर रहा था, तभी किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।


सूचना मिलते ही कप्तानगंज थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मृतक के भाई मनोज निषाद ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।


विनोद पांच भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर का था और लुधियाना में सिलाई-कढ़ाई का काम करता था। वह मई में भाई की शादी में शामिल होने घर आया था। विनोद अपने पीछे पत्नी सीमा, दो छोटे बच्चे और बुजुर्ग मां सावित्री देवी को बेसहारा छोड़ गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।


थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।



डेस्क

No comments