Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

बिहार चुनाव में उपेंद्र तिवारी को मिली बड़ी जिम्मेदारी,दरभंगा लोकसभा क्षेत्र के प्रवासी प्रभारी बनाए गए पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी

 



रतसर, बलिया : उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी द्वारा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। शुक्रवार को पटना के भाजपा प्रदेश कार्यालय पर देश के गृहमंत्री अमित शाह,राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, बिहार विधान सभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान,बिहार प्रभारी विनोद तावड़े व प्रदेश अध्यक्ष डा.दिलीप जायसवाल की उपस्थिति में आयोजित बैठक में उपेंद्र तिवारी को दरभंगा लोकसभा क्षेत्र के प्रवासी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। विदित हो कि पूरे देश से 40 नेताओं को अनुभव व संगठनात्मक कार्यक्षमता के आधार पर बिहार लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। इसके पूर्व भी उपेंद्र तिवारी को दिल्ली विधान सभा चुनाव समेत अन्य राज्यों के चुनावों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई है। इसके पूर्व दो दिवसीय बिहार दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को पटना के प्रदेश कार्यालय में कहा कि विधानसभा चुनाव में एनडीए को जिताना ही लक्ष्य है। कौन लड़ रहा है, यह नहीं देखना है। बिना किसी भेदभाव के एनडीए के लिए काम करना है। प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान अमित शाह ने पार्टी के नेताओं और पदाधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश भी दिये। साथ ही राज्य की राजनीतिक स्थिति और चुनाव तैयारियों की जानकारी ली। करीब डेढ़ घंटे चली बैठक में उन्होंने नेताओं से कहा कि अभी से सबकुछ छोड़कर संगठन के लिए काम करें। 

बैठक में पूरे देश से चयनित 40 प्रवासी प्रभारी तथा प्रदेश के भाजपा पदाधिकारीगण भी शामिल थे। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि आप सभी बहुत अनुभवी हैं, आपके अनुभव और मेहनत का फायदा चुनाव में संगठन को मिलना चाहिए। इसको ध्यान में रखते हुए अभियान के तौर पर चुनाव में जुट जायें। वहीं उपेंद्र तिवारी को बिहार विधानसभा चुनाव में मिली इस बड़ी जिम्मेदारी से बलिया के पार्टी कार्यकर्ताओं में भी हर्ष का माहौल है। फिलहाल शनिवार की शाम उपेंद्र तिवारी दरभंगा पहुंचे और अपनी नई भूमिका पर काम करना भी शुरू कर दिया।


रिपोर्ट : डी.पाण्डेय

No comments