गड़वार में नारद मोह लीला का मंचन देख हर्षित हुए श्रद्धालु
गड़वार (बलिया) कस्बा स्थित श्री रामलीला समिति के तत्वाधान में रामलीला मंच पर रविवार की रात में नारद मोह रामलीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। पंकज मिश्रा व डब्लू सिंह ने श्री राम दरबार के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर लीला का शुभारंभ किया। कलाकारों ने नारद मोह और रावण जन्म के प्रसंगों का मंचन किया। तप में सफलता पाकर नारद में अहंकार का संचार होता है। शिव उन्हें श्रीहरि विष्णु को यह बात बताने से रोकते हैं, लेकिन नारद रुकते नहीं। भगवान विष्णु नारद को एक सुन्दर राज्य और राजकुमारी विश्व मोहिनी के स्वयंवर में ले जाते हैं। नारद जी उस कन्या के रूप और गुणों पर मोहित हो जाते हैं और श्रीविष्णु से आप जैसे स्वरूप की मांग करते हैं। भगवान विष्णु नारद जी को मानव शरीर तो दे देते हैं, लेकिन मुख बंदर का बना देते हैं। स्वयंवर में नारद का अपमान होता है और राजकुमारी भगवान विष्णु को वरमाला पहनाती हैं। इससे आहत नारद उन्हें श्राप दे बैठते हैं कि जिस तरह मैं नारी वियोग में जल रहा हूं,उसी प्रकार तुम्हें भी पृथ्वी पर आकर स्त्री वियोग का कष्ट सहना पड़ेगा। लीला में नारद मुनि की भूमिका में महीप सिंह,इंद्र मिंटू सिंह,कामदेव सुधीर मिश्रा,विष्णु जी धनजी शर्मा, शंकर जी संजय गुप्ता,शीलनिधि सुनील ठाकुर व मोहिनी की भूमिका लक्ष्मी सिंह ने निभाया। व्यास गद्दी पर मोती पटेल जबकि मंच का संचालन डा० ब्रजेश सिंह ने किया।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय
No comments