Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

विद्युत करंट की चपेट में आने से संविदा लाइनमैन की दर्दनाक मौत जेई निलंबित,पुलिस जांच में जुटी




रतसर(बलिया) स्थानीय विद्युत उपकेन्द्र पर तैनात संविदा लाइनमैन हृदय नारायण यादव(35) की बुधवार देर शाम करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने विभागीय कर्मचारियों पर जान बुझकर सप्लाई चालू कर हत्या करने का आरोप लगाया है। खेजुरी थाना क्षेत्र के गोड़वरा गांव निवासी मृतक हृदय नारायण यादव की पत्नी पूनम देवी ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनके पति शाम करीब सात बजे उपकेन्द्र से विधिवत शट डाउन लेकर गांव में बिजली का फाल्ट ठीक करने का काम शुरू किए थे। उसी समय फीडर पर तैनात कर्मचारी बिना सूचना के अचानक सप्लाई चालू कर दिए। इससे करंट की चपेट में आने से हृदय नारायण गंभीर रूप से झुलस गए और पोल से नीचे गिर पड़े। ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया,लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका की पत्नी ने यह भी आरोप लगाया कि शट डाउन की सूचना उपकेन्द्र पर दर्ज कर वह काम पर गए थे। अवर अभियंता,एसडीओ और कर्मचारियों को भी इसकी जानकारी मोबाइल फोन से दी थी। इसके बाबजूद किसी ने यह सुनिश्चित नही किया कि काम पूरा हुआ या नही। विभागीय लापरवाही के कारण जान उनकी चली गई। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कारवाई की मांग की है। मृतक का एक सात वर्षीय पुत्र आर्यन और पांच वर्षीया पुत्री सौम्या है। सभी का रोते-रोते बुरा हाल है। इस बावत अवर अभियंता सत्यपाल सिंह यादव ने बताया कि शट डाउन लेकर बिजली का फाल्ट ठीक कर रहे लाइनमैन की मौत की घटना को लेकर जांच की जा रही है। लाइन चालू किसने किया है,यह स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। संबंधित पर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। एसडीओ एल.बी.यादव ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। मृतक लाइनमैन को शासन की तरफ से मुआवजा दिलाया जाएगा। वहीं इस घटना को लेकर विद्युत उपकेन्द्र रतसर के अवर अभियंता सत्यपाल सिंह को निलंबित कर दिया गया है।


रिपोर्ट : डी.पाण्डेय

No comments