Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

हरिपुर में वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, प्रतिभाओं ने बिखेरा जलवा,महिला सुरक्षा कानून के बारे में थाना प्रभारी ने दी जानकारी

 


गड़वार(बलिया) स्थानीय ब्लॉक अंतर्गत आदर्श शिक्षण एवं हरिपुरी संगीत संस्थान, हरिपुर का वार्षिकोत्सव बुधवार को दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होकर देर शाम तक हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद नीरज शेखर के प्रतिनिधि अमित गिरी एवं नेहरू युवा केंद्र,बिहार के राज्य निदेशक कपिल देव राम शास्त्री द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके उपरांत छात्राओं ने अतिथियों का स्वागत किया।

छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। विशेष रूप से बिहार के प्रसिद्ध लोकनृत्य झिझिया की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर थाना अध्यक्ष हितेश कुमार को “कानून रक्षक सम्मान”, वरिष्ठ समाजसेवी एवं शिक्षाविद पंडित वीरेंद्र शुक्ला को “मालवीय सम्मान”, जनपद के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सुरेश चंद्र को “आरोग्य रत्न सम्मान” तथा डॉ. मनोज कुमार गुप्ता को “चिकित्सा सेवा गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के पत्रकारों को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि अमित गिरी ने अपने संबोधन में कहा कि इस पावन धरती के कण-कण में संगीत की सुगंध समाहित है। उन्होंने संस्थान के अध्यक्ष कन्हैया हरिपुरी को छात्राओं को उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु साधुवाद दिया। इसके पूर्व थाना प्रभारी गड़वार हितेश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हाल ही में लागू हुए तीन नए कानूनों- भारतीय न्याय संहिता,भारतीय साक्ष्य अधिनियम और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं मानव सेवा संस्थान के अध्यक्ष अखिलानंद तिवारी ने की, जबकि मंच संचालन प्रधानाचार्या चित्रांगदा राजे ने कुशलतापूर्वक किया। अंत में संस्था की प्रबंधक रेनू हरिपुरी द्वारा सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं उपहार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर राजेश कुमार, हरिशंकर तिवारी, दुखंती राम,पिंकी शर्मा,अमरावती चौहान,अंकित भारती,अजय उपाध्याय,पूर्व प्रधान उमेश चंद उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के संयोजक चांदपुर ग्राम सभा के प्रधान प्रतिनिधि अमित कुमार पांडेय ‘पप्पू’ ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।


रिपोर्ट :डी.पाण्डेय

No comments