Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

मक्के के खेत में छिपा तेंदुआ, दो ग्रामीणों पर हमला; गांव में दहशत, ड्रोन से हो रही निगरानी

 




मनियर (बलिया)। क्षेत्र के पुरुषोत्तम पट्टी गांव में शुक्रवार सुबह मक्के के खेत में तेंदुए के दिखाई देने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। खेत में छिपे तेंदुए ने दो ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जिसके बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी जगदंबा यादव के मक्के के खेत में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे विजय राजभर (60) मक्का काटने गए थे। इसी दौरान खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में घायल विजय किसी तरह जान बचाकर बाहर निकले। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल चिकित्सक के यहां पहुंचाकर उपचार कराया।

घटना की खबर फैलते ही ग्रामीण खेत के आसपास जुटने लगे। इसी बीच गांव निवासी राज यादव (21) पुत्र संतोष यादव कुछ लोगों के साथ तेंदुए को देखने खेत के पास पहुंचे, तभी तेंदुए ने उन पर भी हमला कर दिया। घायल राज यादव का इलाज सिकंदरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।

ग्रामीणों का दावा है कि तेंदुआ काफी बड़ा है और उसका वजन करीब डेढ़ कुंतल के आसपास हो सकता है। तेंदुए के खेत में छिपे होने की सूचना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है। कई लोगों ने खेतों में जाना बंद कर दिया है, जबकि बच्चों को घरों से बाहर निकलने से रोका जा रहा है।

सूचना मिलते ही एसडीएम सिकंदरपुर, सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्र, थानाध्यक्ष मनियर अजय कुमार त्रिपाठी, नायब तहसीलदार संजय यादव और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। ड्रोन कैमरे की मदद से खेतों की निगरानी की जा रही है। वन विभाग ने आसपास के खेतों और रास्तों पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी है।

प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में लोगों और वाहनों की आवाजाही नियंत्रित कर दी है ताकि रेस्क्यू अभियान में बाधा न आए। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले खेतों की ओर न जाएं और अफवाहों पर ध्यान न दें।

वन विभाग की टीम लगातार तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।


रिपोर्ट मनु तिवारी

No comments