Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

अखिल भारतीय पंचायत परिषद की राष्ट्रीय सचिव स्मृति सिंह ने यूएन वीमेन द्वारा आयोजित "शी लीड्स" में किया प्रतिभाग

 




गड़वार (बलिया) संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूएन वीमेन द्वारा आयोजित “शी लीड्स” कार्यक्रम में बलिया की सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता स्मृति सिंह ने प्रतिभाग किया। लखनऊ स्थित आईटीसी ग्रुप के पांच सितारा होटल में आयोजित इस तीन दिवसीय आवासीय कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित महिलाओं को शामिल किया गया था। कार्यक्रम में महिला कल्याण मंत्री एवं उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य सहित अनेक महिला विधायक, उद्यमी एवं विभिन्न क्षेत्रों की ख्यातिप्राप्त महिलाएं उपस्थित रहीं।पूर्व ग्राम प्रधान रतसर कला एवं भाजपा नेत्री स्मृति सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा महिला आरक्षण विधेयक पारित कर महिलाओं को राजनीति एवं नीति निर्माण में नई भागीदारी देने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की गई है। उसी क्रम में संयुक्त राष्ट्र संघ की संस्था यूएन वीमेन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम महिला नेतृत्व सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सामुदायिक सहभागिता एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अपने जमीनी अनुभवों को व्यापक सामाजिक एवं नीतिगत दृष्टिकोण से समझने का महत्वपूर्ण अवसर रहा। ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को नेतृत्व,संवाद एवं निर्णय प्रक्रिया में सशक्त भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं।

स्मृति सिंह पूर्व में देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित प्रतिष्ठित सरकारी एवं गैरसरकारी संस्थाओं तथा विश्वविद्यालयों के कार्यक्रमों में सहभागिता कर चुकी हैं। साथ ही उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित विभिन्न प्रतिष्ठित सम्मानों व पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में वे शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं सामुदायिक नेतृत्व जैसे जमीनी मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।


रिपोर्ट : डी.पाण्डेय

No comments