Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

बलिया में रेस्क्यू ऑपरेशन विफल, चारा के खेत से भाग निकला कथित तेंदुआ

 


मनियर (बलिया)। पुरुषोत्तम पट्टी गांव में कथित तेंदुए को पकड़ने के लिए चलाया गया वन विभाग और प्रशासन का संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शनिवार देर रात विफल हो गया। ड्रोन कैमरा, जाल, पिंजरा और भारी निगरानी के बावजूद तेंदुआ चारा के खेत से भागने में सफल रहा। गोरखपुर से आई जू रेस्क्यू टीम भी बिना सफलता के वापस लौट गई। इसकी पुष्टि थाना प्रभारी मनियर अजय कुमार त्रिपाठी और ग्राम प्रधान संजय यादव ने की है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को कथित तेंदुए के हमले में पुरुषोत्तम पट्टी गांव निवासी विजय राजभर (60) तथा बिजलीपुर निवासी राजा यादव (21) घायल हो गए थे। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी। सूचना पर वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया गया। स्थानीय टीम को सफलता नहीं मिलने पर गाजीपुर से रेस्क्यू टीम और गोरखपुर जू से विशेषज्ञ टीम बुलाई गई।

शनिवार देर शाम शुरू हुए अभियान में जिस चारे के खेत में तेंदुए के छिपे होने की आशंका थी, वहां जेसीबी मशीन चलाकर तलाश की गई। खेत के एक कोने पर पिंजरे में जिंदा बकरी रखी गई थी तथा खेत के चारों ओर जाल लगाया गया था। ड्रोन कैमरे से लगातार निगरानी भी की जा रही थी। इसके बावजूद तेंदुआ पकड़ में नहीं आया और मौके से निकल भागा।

ग्रामीणों के अनुसार खेत के पश्चिम और दक्षिण हिस्से में रोशनी की व्यवस्था थी, लेकिन उत्तर और पूर्व दिशा अंधेरे में थी तथा वहां जाल भी नहीं लगाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि तेंदुआ उत्तर दिशा की ओर भागा है। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास चारे और झाड़ियों वाले खेत हैं, जहां तेंदुआ अब भी छिपा हो सकता है।

रेस्क्यू ऑपरेशन विफल होने के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीण रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं और किसी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं।

वहीं, इस मामले में प्रभागीय वन अधिकारी पृथ्वीराज केसर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।


रिपोर्ट : मनु तिवारी

No comments