Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

शिक्षा चौपाल में मेधावी छात्रों को किया सम्मानित, परिषदीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने पर जोर




गड़वार (बलिया) शिक्षा क्षेत्र गड़वार अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय गड़वार दक्षिणी में सोमवार को शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी गड़वार संतोष कुमार श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी विशाल यादव रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों और समुदाय को विद्यालयी शिक्षा से जोड़ते हुए बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जागरूक करना रहा। शिक्षा चौपाल में ग्रामीणों और अभिभावकों को विद्यालय में उपलब्ध शिक्षण सामग्री, बालवाटिका संचालन,गणित किट,पुस्तकालय तथा स्मार्ट क्लास एवं दीक्षा ऐप जैसे डिजिटल संसाधनों की जानकारी दी गई। साथ ही निपुण लक्ष्य के अंतर्गत बच्चों की बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान को मजबूत बनाने में अभिभावकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, मेधावी छात्रों एवं समुदाय के सक्रिय सदस्यों को सम्मानित किया गया। विद्यालय में प्रत्येक कक्षा के प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को दीक्षांत समारोह की तर्ज पर गाउन पहनाकर अंकपत्र प्रदान किए गए। यह आकर्षण कार्यक्रम का केंद्र रहा।

मुख्य अतिथि संतोष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में इस प्रकार का आयोजन उन्होंने पहली बार देखा है। उन्होंने ग्रामवासियों से अपने बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सरकारी विद्यालयों में कराने की अपील की तथा विद्यालय परिसर में सोलर लाइट लगवाने की घोषणा की। विशिष्ट अतिथि विशाल यादव ने कहा कि सरकार द्वारा परिषदीय विद्यालयों में नि:शुल्क पुस्तकें, ड्रेस,जूता-मोजा सहित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने विद्यालय को शीघ्र ही स्मार्ट क्लास से आच्छादित करने का आश्वासन दिया।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दीपक कनौजिया ने विद्यालय के 19 पैरामीटर में शेष कमियों को दूर कराने तथा खेल मैदान के लिए मिट्टी भराई कराने की घोषणा की।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष उमाशंकर सिंह, एआरपी अरविंद यादव,अशोक पाण्डेय,शाहनवाज खान,राम अवध शर्मा,प्रद्युम्न सिंह, सत्य प्रकाश,मनीष सिंह,रत्नाकर सिंह, जहीर अब्बास अंसारी, शेषनाथ यादव,मदन गिरिजा, सुमित कुमार यादव, सुधा गुप्ता,सना जहीर,सीमा यादव, रिजवान अख्तर, पंचरतन राम, रविकांत उपाध्याय, शशिकांत,सतीश कुमार यादव, शाइस्ता अंजुम, रामदुलार राम, गुलाबचंद राम, विजय श्रीवास्तव, प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष अनिल पाण्डेय तथा मंत्री टुनटुन प्रसाद सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एआरपी डॉ.भूपेंद्र मिश्र ने किया,जबकि प्रधानाध्यापक डॉ. अभिषेक पाण्डेय ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।


रिपोर्ट : डी.पाण्डेय

No comments