चार दिन से लापता युवक का कुएं में शव मिलने से सनसनी
रेवती (बलिया) नगर पंचायत रेवती के वार्ड नंबर 12 निवासी स्वामीनाथ साहनी के चार दिन से लापता 18 वर्षीय पुत्र अजीत साहनी का भैसहा गांव के एक व्यक्ति के डेरा के समीप स्थित कुएं से शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
अजीत साहनी 24 जुलाई की शाम से घर से गायब था। स्वजन उसे अपने स्तर से खोजबीन कर रहे थे। मंगलवार को दिन में डेढ़ बजे अक्षयवर सिंह के डेरा के समीप धान की रोपनी कर रही महिलाओं ने कुएं में शव देख आस पास के लोगों को बताया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड के जवानों के सहयोग से पुलिस ने शव को निकलवाकर कब्जे में लिया तथा विधिक कार्यवाही के साथ पोस्टमार्टम हाउस जिला अस्पताल बलिया भेज दिया। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शव काफी सड़ी गली अवस्था में मिला है। मृतक युवक के पिता स्वामीनाथ साहनी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि मेरा पुत्र मानसिक रूप से अस्वस्थ था। 24 जुलाई की शाम से लापता था। मृतक से बड़ा व छोटा दो भाई तथा बड़ी एक बहन है। पिता मछली बेच कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। घटना की सूचना पर मृतक की मां बिन्दु देवी का रोते रोते बुरा हाल है।
पुनीत केशरी


No comments