एचटी लाइन में फाल्ट के कारण गड़वार विद्युत उपकेन्द्र पर 30 घंटे तक 50 गांवों के लोग परेशान
गड़वार(बलिया) दुमदुमा गांव के पास एचटी लाइन टूटने का खामियाजा स्थानीय विद्युत उपकेन्द्र से जुड़े पचास हजार लोगों को भुगतना पड़ा। मंगलवार दोपहर 1.30 बजे गुल हुई बिजली बुधवार शाम तक बहाल नही हो सकी। करीब 30 घंटे तक 50 से अधिक गांव के लोग परेशान रहे। भीषण उमस और गर्मी के बीच लोगों की रात आंखों-आंखों में कट गई। इन्वर्टर जवाब दे गए,घरों में पेयजल संकट खड़ा हो गया और खेतों से लेकर बाजार तक जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। एचटी लाइन में फाल्ट की सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम रात में मौके पहुंची,लेकिन अंधेरे और तकनीकी बाधा से मरम्मत संभव नहीं हो सकी। बुधवार सुबह मरम्मत का कार्य शुरू हुआ। कई घंटे की मशक्कत के बाद तार जोड़ा गया तब तक बलिया में 132 केवी लाइन में फाल्ट आने के कारण उपकेन्द्र पर आपूर्ति बहाल नही हो सकी। दोपहर में गड़वार ग्रामसभा के प्रधान प्रतिनिधि दीपक कन्नौजिया अपने दर्जनों समर्थकों के साथ उपकेन्द्र पर पहुंचकर अवर अभियंता को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि अवर अभियंता का मोबाइल हमेशा बन्द रहता है साथ ही यहां पर तैनात कर्मचारी भी फोन नही उठाते। उन्होंने कहा कि जब तक विद्युत आपूर्ति बहाल नही हो जाती तब तक हम लोग यहां पर बैठे रहेंगे। इस बावत प्रभारी उपखण्ड अधिकारी दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि 2 बजे के करीब 33 हजार केवी का फाल्ट ठीक हो गया है। 132 केवी में फाल्ट आने के कारण सप्लाई बाधित है। वहां पर मरम्मत का कार्य चल रहा है। दो-तीन घंटे में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
रिपोर्ट : डी.पांडेय


No comments