Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

मनियर ब्लॉक मुख्यालय पर मजदूरों का दो दिवसीय सामूहिक उपवास, उठाई रोजगार और आवास समेत कई मांगें

 


मनियर (बलिया)। राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा और भाकपा माले के  कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मनियर ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर दो दिवसीय सामूहिक उपवास एवं सत्याग्रह आंदोलन शुरू किया। 13 और 14 अगस्त को देशभर के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर आयोजित कार्यक्रम के क्रम में मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने सरकार के समक्ष गरीबों और मजदूरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

आंदोलनकारियों ने बीबीजी रामजी योजना के तहत सभी गरीब परिवारों के जॉब कार्ड बनाने, प्रत्येक जरूरतमंद को 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने, दैनिक मजदूरी बढ़ाकर 700 रुपये करने, आवास के लिए 7 लाख रुपये की सहायता देने, सभी बुजुर्गों को 6,000 रुपये मासिक पेंशन देने तथा प्रत्येक गरीब परिवार को बसने के लिए 5 डिसमिल जमीन का पट्टा देने समेत कई मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

ब्लॉक मुख्यालय परिसर में आयोजित सभा को अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के राष्ट्रीय पार्षद बशिष्ठ राजभर, किसान नेता मुनि सिंह, रेखा पासवान, राधेश्याम चौहान, लीलावती, सुबास राजभर, हरिनारायण प्रजापति, श्रीराम राजभर, शिवबचन राम, अशोक राम, नागेन्द्र कुमार और जनार्दन सिंह आदि ने संबोधित किया।

वक्ताओं ने कहा कि गरीब मजदूरों को रोजगार, सम्मानजनक मजदूरी, आवास, जमीन और सामाजिक सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांगों को पूरा किए जाने तक संघर्ष जारी रखने की बात कही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भोली पासवान ने की, जबकि संचालन  योगेंद्र राम ने किया। दो दिवसीय सामूहिक उपवास एवं सत्याग्रह के दौरान  मजदूर और संगठन के कार्यकर्ता ब्लॉक मुख्यालय परिसर में मौजूद रहे।



रिपोर्ट - मनु तिवारी

No comments