Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

बुढ़वा ब्रह्म बाबा मंदिर के पास गड्ढे में मिला वृद्धा का शव, जांच में जुटी पुलिस

 



मनियर (बलिया)। क्षेत्र के घाटमपुर गांव निवासी 70 वर्षीय उगनी देवी, पत्नी स्वर्गीय श्रीराम यादव का शव गुरुवार देर शाम करीब 7:30 बजे बुढ़वा ब्रह्मा बाबा मंदिर के समीप स्थित एक गड्ढे में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।स्थानीय लोगों ने गड्ढे में शव देखे जाने की सूचना तत्काल मनियर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया गया।

परिजनों के अनुसार उगनी देवी सोमवार की रात घर से निकल गई थीं। उनके पुत्र शिवनाथ यादव ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे तक उनकी मां घर पर थीं। मंगलवार सुबह घर पर न मिलने पर परिजनों ने रिश्तेदारी और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।गुरुवार शाम बुढ़वा ब्रह्म बाबा मंदिर के पास स्थित गड्ढे में उनका शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।मृतका अपने पीछे एक पुत्र शिवनाथ यादव तथा तीन विवाहित पुत्रियां—मीना देवी, सरली देवी और शांति देवी—को छोड़ गई हैं। परिजनों एवं ग्रामीणों के अनुसार उगनी देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्ट - मनु तिवारी

No comments