झूमक बाबा स्थान पर धूमधाम से मना श्रीकृष्ण छट्ठिहारोत्सव, देर रात तक चला भंडारा
मनियर/बलिया। मनियर कस्बे के उत्तर टोला स्थित झूमक बाबा के स्थान पर शनिवार को श्रीकृष्ण छट्ठिहारोत्सव का आयोजन धार्मिक उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और मोहल्लेवासी कार्यक्रम में शामिल हुए तथा देर रात तक चले भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के पूर्व झूमक बाबा स्थान पर 24 घंटे का रामचरितमानस पाठ आयोजित किया गया। पाठ के समापन के बाद भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें कीर्तन मंडली ने श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण में भाव-विभोर कर दिया। हरेंद्र सिंह, मुन्ना मिश्रा, डब्लू सेठ सहित अन्य लोगों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग किया। शनिवार अपराह्न से शुरू हुआ भंडारा देर रात तक चलता रहा, जिसमें काफी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
बताया जाता है कि झूमक बाबा का यह स्थान मनियर क्षेत्र में धार्मिक आस्था और रामचरितमानस पाठ की परंपरा से भी जुड़ा रहा है। इस मठ पर महान संत कुबेरनाथ पाठक का लंबे समय तक प्रवास रहा। करीब एक दशक पूर्व उनके ब्रह्मलीन होने के बाद भी उनके द्वारा शुरू की गई रामचरितमानस पाठ की परंपरा क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुबेरनाथ पाठक ने इसी मठ से रामचरितमानस पाठ की शुरुआत की थी। धीरे-धीरे इसका प्रभाव मनियर कस्बे के साथ आसपास के गांवों तक पहुंचा और आज विभिन्न शुभ अवसरों पर लोग रामचरितमानस का पाठ आयोजित करते हैं। यही वजह है कि मनियर क्षेत्र में अक्सर किसी न किसी स्थान पर रामचरितमानस की चौपाइयों और भजन-कीर्तन की गूंज सुनाई देती है।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के आयोजन को सफल बनाने में हरेंद्र सिंह, मुन्ना मिश्रा, डब्लू सेठ सहित मोहल्ले के लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया और भगवान श्रीकृष्ण से सुख-समृद्धि की कामना की।
रिपोर्ट - मनु तिवारी



No comments