पाक्सो एक्ट को लेकर छात्र-छात्राओं को किया जागरूक
बलिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया श्री अनिल कुमार झा के आदेशानुसार शुक्रवार को विशेष जागरूकता अभियान के तहत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, देवकली में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के तत्वावधान में किया गया, जिसकी अध्यक्षता सिविल जज (सीडी)/एफटीसी श्री पंकज कुमार पाण्डेय ने की।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बालकों का लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम, 2012 (पाक्सो एक्ट) के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई। श्री पंकज कुमार पाण्डेय ने बच्चों के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों की रोकथाम, अपराध की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा उपलब्ध विधिक सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि अथवा लैंगिक अपराध की स्थिति में चुप नहीं रहनाचाहिए। ऐसी स्थिति में अभिभावक, शिक्षक अथवा संबंधित सक्षम प्राधिकारी को तत्काल सूचना देने की बात कही गई। साथ ही बच्चों के विधिक अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी देते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग और जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक- शिक्षिकाएं, पैरालीगल वॉलंटियर्स श्रीमती रीता शर्मा एवं पार्वती वर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्ट त्र्यंबक पांडेय गांधी



No comments