दीपावली से पहले ग्राम चौकीदारों को मिली खुशखबरी, मानदेय में 40 फीसदी वृद्धि
ग्राम प्रहरियों का बढ़ा मानदेय, अब हर माह मिलेंगे 3500 रुपये
बलिया में ग्राम प्रहरियों ने देखा मुख्यमंत्री का लाइव कार्यक्रम मिठाई बांटकर मनाई खुशी
बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के ग्राम प्रहरियों (ग्राम चौकीदारों) को दीपावली से पहले बड़ी सौगात देते हुए उनके मासिक मानदेय को 2,500 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये करने की घोषणा की। मंगलवार को बरेली पुलिस लाइंस में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान की गई इस घोषणा से प्रदेश के करीब 60 हजार ग्राम प्रहरियों को लाभ मिलेगा। मानदेय में 1,000 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि से प्रत्येक ग्राम प्रहरी को सालाना 12,000 रुपये का अतिरिक्त आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री की घोषणा के सजीव प्रसारण के लिए जनपद बलिया की पुलिस लाइन के मीटिंग हॉल और विभिन्न थानों में विशेष व्यवस्था की गई। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात ग्राम प्रहरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन और मानदेय वृद्धि की घोषणा का लाइव प्रसारण दिखाया गया।
मानदेय में वृद्धि की घोषणा के अवसर पर जनपद के विभिन्न थानों में ग्राम चौकीदारों को पुलिस अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया गया। उन्हें मिठाई वितरित कर मुख्यमंत्री की इस घोषणा पर बधाई दी गई। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रहरियों के योगदान की सराहना करते हुए इसे उनके मनोबल को बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने ग्राम प्रहरियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, अपराधों की रोकथाम करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रहरी अहम कड़ी हैं। गांवों में होने वाली गतिविधियों की समय पर और सटीक जानकारी संबंधित थानों तक पहुंचाने में उनका योगदान सराहनीय है। मानदेय में की गई वृद्धि से उनका मनोबल बढ़ेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। पुलिस अधीक्षक ने ग्राम प्रहरियों से गौ-तस्करी, शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शस्त्रों की तस्करी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित थाने को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि अपराधों और अवैध गतिविधियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना देने वाले ग्राम चौकीदारों को सम्मानित किया जाएगा। मानदेय वृद्धि के इस निर्णय को ग्राम प्रहरियों के आर्थिक हितों और ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर बांसडीह विधायक केतकी सिंह, विधान परिषद सदस्य पप्पू सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन मंजरी राव सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट त्र्यंबक पांडेय गांधी



No comments