बलिया में मिशन शक्ति के तहत 50 महिलाएं सम्मानित मिशन शक्ति: बलिया में 50 महिलाओं का सम्मान, बाल विवाह रोकने की दिलाई शपथ
बलिया। मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिला कल्याण विभाग की ओर से कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल विकास और सशक्तीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभिन्न विभागों की 50 महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह पप्पू भैया, बांसडीह विधायक केतकी सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना समाज की प्रगति के लिए आवश्यक है। पुलिस अधीक्षक ने महिला सुरक्षा को पुलिस की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को परेशान करने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाती है। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने की अपील की। विधायक केतकी सिंह और विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह पप्पू भैया ने भी महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
समारोह में महिला पुलिस विभाग की 10 कर्मियों, शिक्षा विभाग की 10 शिक्षिकाओं सहित स्वयं सहायता समूहों, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा चिकित्सा विभाग की महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में कृति त्रिपाठी, नेहा कमल, रीना यादव, श्वेता, डॉ. लक्ष्मी चौधरी, प्रियंका पाठक, रंजन प्रभाकर, अंजली सिंह, निकिता सिंह, रिशु श्रीवास्तव, डॉ. बबली पांडेय और डॉ. दीपिका गुप्ता सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन ने शारदीय नवरात्रि के अवसर पर लोगों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकने और इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई।
रिपोर्ट त्र्यंबक पांडेय गांधी


No comments