गांव को पीडब्ल्यूडी मार्ग से जोड़ने की मांग पर विधायक ने दिया समाधान का भरोसा
मनियर/बलिया। बांसडीह विधानसभा क्षेत्र की विधायक केतकी सिंह बुधवार की शाम मनियर विकासखंड के ग्राम पंचायत सरवार ककरघट्टी अंतर्गत नावट नंबर एक मौजा पहुंचीं। यहां वर्षों से बसे कटान पीड़ित ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि ब्लॉक मुख्यालय से मुड़ियारी टीएस बंधे के संपर्क मार्ग से नावट नंबर एक तक विधायक की पहल पर सीसी रोड का निर्माण कराया गया है। इससे आवागमन में काफी राहत मिली है, लेकिन गांव से मनियर बस स्टैंड पहुंचने के लिए ग्रामीणों को करीब डेढ़ से दो किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। ग्रामीणों के मुताबिक मनियर-बलिया मुख्य मार्ग से उनके गांव की दूरी महज करीब 500 मीटर है। यदि गांव को सीधे पीडब्ल्यूडी मार्ग से जोड़ दिया जाए तो आवागमन काफी सुगम हो जाएगा।ग्रामीणों ने विधायक से पीडब्ल्यूडी मार्ग तक संपर्क मार्ग बनवाने की मांग की। इस पर विधायक केतकी सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए वह फंड उपलब्ध करा सकती हैं, लेकिन यदि काश्तकार अपनी जमीन देने के लिए तैयार नहीं हैं तो रास्ता निकालने में कठिनाई होती है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद काश्तकारों से बातचीत कर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
विधायक ने मौके पर मौजूद तहसीलदार नितिन कुमार सिंह से भी समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। तहसीलदार ने भी ग्रामीणों को समाधान का भरोसा दिया। विधायक ने लेखपाल खेदन राम से संबंधित काश्तकारों के नाम उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही चकनाली के दोनों तरफ के काश्तकारों की सहमति से रास्ते का समाधान निकालने की बात कही गई।इस दौरान पूर्व ग्राम प्रधान नीलम राजभर, अर्चना विश्वकर्मा, ममता राजभर, रामसागर राजभर, रमेश राजभर, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामदेव यादव, विनोद सिंह, नेता विनोद सिंह, पारसनाथ तिवारी, सियाराम जी सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट - मनु तिवारी


No comments