थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण, फरियादियों की सुनी समस्याएं
कोतवाली और सुखपुरा थाने पहुंचकर अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
बलिया। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने शनिवार को थाना कोतवाली और थाना सुखपुरा का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने थानों पर पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सीधे सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं न्यायपूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
डीएम-एसपी ने थाना समाधान दिवस में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कहा कि फरियादियों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी न हो। राजस्व से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर प्रभावी कार्रवाई करें, ताकि लोगों को अपनी शिकायत के लिए अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने थाना कोतवाली और सुखपुरा में थाना समाधान दिवस की कार्यवाही का जायजा लेने के साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।
इधर, जिले के सभी थानों पर आयोजित थाना समाधान दिवस में कुल 75 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने मौके पर ही 11 मामलों का निस्तारण किया। शेष प्रार्थना पत्रों में अधिकांश मामले राजस्व से संबंधित हैं, जिनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित टीमों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
थाना समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि फरियादियों की समस्याओं को एक ही स्थान पर सुनकर संबंधित विभागों के समन्वय से उनका जल्द समाधान कराया जा सके।
रिपोर्ट त्र्यंबक पांडेय गांधी




No comments