छह साल बाद ददरी मेले में लौटेगी रौनक, देशभर के पशु व्यापारियों का जमावड़ा शुरू
पीलीभीत, हरियाणा, पंजाब और बिहार से पशुओं के साथ पहुंचे व्यापारी, डीएम ने परखी तैयारियां; व्यापारियों को रास्ते में नहीं रोकेगी पुलिस
बलिया। छह साल का लंबा इंतजार खत्म होने जा रहा है। ऐतिहासिक ददरी मेला एक बार फिर अपनी पुरानी पहचान और रौनक के साथ सजने को तैयार है। देशभर के पशु व्यापारियों के कदम बलिया की ओर बढ़ने लगे हैं। पीलीभीत, हरियाणा, पंजाब और बिहार से व्यापारी अपने पशुओं के साथ मेला परिसर में पहुंचने लगे हैं। बाहरी राज्यों से व्यापारियों की आमद शुरू होते ही मेले में चहल-पहल बढ़ गई है। पशु मेले की वापसी से स्थानीय लोगों और पशुपालकों में भी खासा उत्साह है।
मेले की तैयारियों को गति देने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने गुरुवार को पशु मेला परिसर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पशुओं के ठहराव, व्यापारियों की सुविधाओं और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को मेले के सफल और व्यवस्थित आयोजन के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण में नगर मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
चार राज्यों से पहुंचने लगे पशु व्यापारी
ददरी मेले की पहचान देश के प्रमुख पारंपरिक पशु मेलों में होती रही है। इसकी शुरुआत पशु मेले से होती है, जिसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से पशु व्यापारी और पशुपालक पहुंचते हैं। इस बार छह साल बाद पारंपरिक स्वरूप में आयोजन की तैयारी ने व्यापारियों में नई उम्मीद जगाई है। पीलीभीत के अलावा हरियाणा, पंजाब और बिहार से पशु व्यापारियों का पहुंचना शुरू हो गया है। आने वाले दिनों में अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में व्यापारियों के पहुंचने की उम्मीद है।
रास्ते में नहीं रोकेंगे पुलिसकर्मी, डीएम ने दिए निर्देश
दूसरे राज्यों से पशुओं को लेकर आने वाले व्यापारियों को रास्ते में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने विशेष पहल की है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि पशु लेकर ददरी मेले में आने वाले व्यापारियों को अनावश्यक रूप से न रोका जाए। जनपद के सभी संबंधित थाना प्रभारियों को व्यापारियों की आवाजाही सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलों, रास्तों और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी अनावश्यक बाधा उत्पन्न नहीं की जाएगी। प्रशासन की इस पहल से दूर-दराज के राज्यों से आने वाले पशु व्यापारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भी सजेगा मेला
प्रशासन इस बार ददरी मेले को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी में जुटा है। पशु मेले के साथ ही मनोरंजन और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया जाएगा। व्यापारियों और दर्शकों के लिए उच्च स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। छह साल बाद पारंपरिक पशु मेले की वापसी से न केवल मेले की पुरानी रौनक लौटने की उम्मीद है, बल्कि इससे स्थानीय कारोबार और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी नई मजबूती मिलेगी।
रिपोर्ट त्र्यंबक पांडेय गांधी


No comments