जाने क्यों बैंक के चक्कर काट रहे हैं उपभोक्ता
सिकंदरपुर (बलिया) । नगर के मुख्य बस स्टैंड चौराहे पर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में विगत दस दिनों से प्रिन्टर खराब अवस्था में पड़ा है। जिसकी सुध लेने वाला कोई भी नहीं है। इसके चलते क्षेत्र के सुदूर ग्रामीण हिस्सों से आने वाले बैंक उपभोक्ताओं को हर दिन बैंक से जुड़े प्रिन्टिंग कार्यो के लिये बार बार बैंक का चक्कर काटना पड़ रहा है। जबकि बैंक के बाहर एटीएम के पास पासबुक प्रिंटिंग मशीन लगाई गई है, लेकिन वह भी कभी कार्य करती है और कभी कार्य नहीं करती। वहीं उपभोक्ताओं का कहना है कि आज के आधुनिक युग में भी बैंक के कर्मचारी व मैनेजर काम के प्रति लापरवाह हैं तथा उपभोक्ताओं से ठीक तरीके से पेश नहीं आते और काम को टालते रहते हैं।
पासबुक प्रिंट कराने के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का कई दिनों से चक्कर काट रही बालूपुर रोड सिकन्दरपुर निवासी गुड़िया ने बताया कि वह पिछले 10 दिनों से लगातार बैंक का चक्कर काट रही है। पर हर बार उसे यह कहकर लौटा दिया जाता है कि प्रिन्टर काम नहीं कर रहा। इस बारे में जब गुड़िया ने बैंक मैनेजर से संपर्क साधा तो बैंक मैनेजर ने कहा कि आपका खाता सीएसपी द्वारा खोला गया है इसलिए आपका पास बुक बैंक में प्रिंट नहीं होगा। वैसे अन्य उपभोक्ताओं की माने तो बैंक में जितने कर्मचारी हैं, उतनी तरह की बातें करते हैं। जिससे बैंक उपभोक्ताओं की समस्या का निवारण नहीं हो पाता। जिसको लेकर उपभोक्ताओं में बैंक प्रशासन के प्रति बड़े पैमाने पर आक्रोश व्याप्त है।
रिपोर्ट- हेमंत राय


No comments