गंगा उसपार सैकड़ो लोगों का मकान बाढ़ के चढ़ा भेट, लगभग 1000 एकड़ में खड़ी खरीफ की फसल नष्ट हो गई, जलस्तर में लगातार कमी के बाद भी कम नही हो रही लोगों की परेशानी
By- Dhiraj Singh
बलिया : गंगा उसपार सैकड़ो लोगों का मकान बाढ़ के चढ़ा भेट, लगभग 1000 एकड़ में खड़ी खरीफ की फसल नष्ट हो गई, जलस्तर में लगातार कमी के बाद भी कम नही हो रही लोगों की परेशानी । उल्लेखनीय हैं कि गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही कमी के बाद भी गंगा उसपार नौरंगा, चक्की नौरंगा, भुआल छपरा, भगवानपुर के डेरा,उदईछपरा के डेरा आदि गांव के लोगों के दुश्वारियां कम नहीं हुई है। लोग अभी भी मुश्किलों में जीवन यापन कर रहे हैं। चक्की नौरंगा के दर्जनों लोगों ने बताया कि पिछले 48 घंटे में लगभग 30 सेंटीमीटर पानी कम हुआ है। गांव के कुछ इलाकों से पानी कम हुआ है, किंतु स्कूल, अस्पताल में अभी भी बाढ़ का पानी घुसा हुआ है। फल स्वरुप कठिनाइयों में कमी नहीं आ रही है। गंगा उस पार के तीस हजार की आबादी पिछले डेढ़ महीने से कटान व बाढ़ के कारण बेबस और लाचार है। सरकारी मशीनरी बाढ़ पीड़ितों को हर संभव सहायता पहुंचाने को तत्पर है। किंतु यह सहायता अपर्याप्त साबित हो रहा है।अकेले चक्की नौरंगा में 150 लोगों का मकान गंगा के कटान में विलीन हो चुका है। कम से कम 1000 एकड़ में खड़ी खरीफ की फसल नष्ट हो गई है। लाखों की परवल की खेती भी चौपट हुई है।ऐसे में किसानों की स्थिति दयनीय हो गई है। परवल की खेती करने वाले रामेश्वर चौधरी, राज किशोर चौधरी, मोहन पासवान, सुधाकर ठाकुर आदि ने बताया कि सरकार भले बाढ़ के दिनों में राहत सामग्री व खाद्यान्न दे देती है, किन्तु इससे किसानों का भरपायी होने वाला नहीं है। उक्त लोगों ने जनप्रतिनिधियों पर तंज कसते हुए कहा कि यहां के सांसद विधायक का यहां नहीं आना उनके उदासीनता को प्रमाणित करता है। उक्त किसानों ने सरकार से फसल का मुआवजा दिलवाने के लिए उचित कार्रवाई की मांग की है।
गंगा के बाढ़ से उबरे दर्जन भर गांव के लोग परेशान
गंगा का पानी पिछले दो दिनों से कम हो रहा है। बावजूद इसके मुरली छपरा, मिश्र के हाता, पांडेपुर,चिंतामणि राय के टोला,गुदरी सिंह के टोला,वंश गोपाल छपरा, मिश्र गिरी के मठिया, प्रसाद छपरा, उदयी छपरा, दुबे छपरा व शुघर छपरा का निचला इलाका अभी भी बाढ़ के चलते परेशान है। लोगों का कहना है कि महज 30 सेंटीमीटर ही पानी घटा है। गांवो से बाढ़ का पानी निकला नही है।गांवो से बिजली का कनेक्शन कट जाने के कारण और भी परेशानी बढ़ गई है। क्योंकि जिलाधिकारी के निर्देश के बावजूद ग्राम प्रधानों द्वारा जनरेटर नहीं चलवाया जा रहा है। उक्त गांव निवासी उपेन्द्र सिंह, जितेंद्र यादव बाउल पांडे, डब्बू मिश्रा,भुअर पाण्डेय आदि ने बताया कि गांव में बिजली आपूर्ति बंद हो जाने के कारण काफी परेशानी है। जिलाधिकारी के निर्देश के बावजूद प्रधानों द्वारा जनरेटर नहीं चलाया जा रहा है।
गंगा के साथ-साथ सरयू नदी में भी हो रहा है घटाव
गंगा के जलस्तर में कमी के साथ-साथ सरयू नदी के जलस्तर में भी घटाव शुरू हो गया है। गोपाल नगर में प्रति घंटा 3 सेंटीमीटर के हिसाब से सरजू नदी में घटाव हो रहा है। हालांकि इस इलाके में भी खरीफ की फसले सरयू नदी के बाढ़ के कारण पूरी तरह से नष्ट हो चुकी हैं।
शुक्रवार को चक्की नौरंगा में नहीं कटा किसी का घर
शुक्रवार को चक्की नौरंगा में एक भी आशियाना गिरने की सूचना दोपहर बाद तक नहीं थी। गुरुवार को 7 और लोगों का पक्का मकान गंगा में विलीन हो गया।
जिसमें मनोज ठाकुर, उर्मिला देवी, सविता देवी, पूनम देवी, घिधरिया, राजकुमारी देवी, कुसुम देवी व पूजा देवी का मकान शामिल है। इस तरह चक्की नौरंगा व भगवानपुर गांव में अब तक 120 से अधिक लोगों का मकान गंगा नदी में समाहित हो चुका है।
बाढ़ प्रभावित लोगो मे अभी तक तीन हजार राशन किट दिया जा चुका है। 100 से अधिक लोगों का गृह अनुदान एक लाख बीस हजार रुपये प्रति मकान के हिसाब से दिया जा चुका है। जिनको अभी तक राशन किट नहीं मिला है उनके लिए मांग की गई है जैसे शासन से राशन किट मिलेगा उन्हें तुरंत उपलब्ध करा दिया जाएगा।
आलोक प्रताप सिंह उपजिलाधिकारी बैरिया
No comments