नाबालिग से छेड़खानी का आरोप, पूर्व ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष पर पॉक्सो में केस
मनियर (बलिया)।मनियर थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से छेड़खानी के आरोप में पूर्व ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले के सामने आते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पिंडारी निवासी राजकमल वर्मा उर्फ ‘मंत्री’ पर एक गांव की नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। पीड़िता की मां की तहरीर पर मनियर थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 352, 351(3), 74 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
बताया कि आरोपी का क्षेत्र में सामाजिक प्रभाव रहा है, जिससे घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। पुलिस ने पीड़िता को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरी के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनियर शारदानंद साहनी ने बताया कि संबंधित व्यक्ति वर्तमान में पार्टी का पदाधिकारी नहीं है और न ही टीम में शामिल है। भाजपा जिला मंत्री राजेश सिंह ने भी कहा कि आरोपी पूर्व में ओबीसी मोर्चा से जुड़ा रहा होगा, लेकिन वर्तमान में उसका पार्टी से कोई संबंध नहीं है।
By Manu Tiwari


No comments