तालाब की खुदाई में मिला संदिग्ध मोर्टार, जांच के लिए फोरेंसिक टीम रवाना
मनियर (बलिया)। थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव में पुराने तालाब की खुदाई के दौरान संदिग्ध मोर्टार मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मोर्टार को सुरक्षित कर लिया है और फोरेंसिक जांच के लिए टीम को बुलाया गया है।
थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे ईंट भट्ठे के लिए तालाब का पानी पंपिंग सेट से निकालकर खुदाई कराई जा रही थी। इसी दौरान कुछ बच्चे तालाब में मछली पकड़ने के लिए उतरे, जहां उन्हें एक संदिग्ध मोर्टार मिला। बच्चे उसे कबाड़ समझकर काटने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने समय रहते उन्हें रोक लिया।
उन्होंने बताया कि मोर्टार पर कुछ चिन्ह और कोड अंकित हैं, जिनकी सत्यता और स्रोत की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। प्रथम दृष्टया यह पुराना प्रतीत हो रहा है। एहतियात के तौर पर उसे सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है और किसी को उसके पास जाने से मना किया गया है।
थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है, जो मोर्टार की प्रकृति और उत्पत्ति की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएं, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचित करें।
रिपोर्ट मनु तिवारी






No comments