मनुष्य को जीवन में सत्कर्म करते हुए मोक्ष की तैयारी करनी चाहिए : साध्वी साधना
गड़वार(बलिया) क्षेत्र के त्रिकालपुर गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में आयोजित अभिषेकात्मक रूद्र महायज्ञ में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मंगलवार को काशी से पधारे विप्रजनों द्वारा पंचांग पूजन एवं मंडप प्रवेश कराया गया। कथा के दौरान अयोध्या से पधारी कथावाचिका साधना ने कहा कि मनुष्य को जीवन में सत्कर्म करते हुए मोक्ष की तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दान करने से मनुष्य पुण्य के मार्ग पर अग्रसर होता है, जबकि पाप से कमाया गया धन अंततः विनाश का कारण बनता है। मनुष्य जीवन बड़े भाग्य से मिलता है, इसलिए धर्म और कर्म के मार्ग पर चलकर ही मोक्ष की प्राप्ति संभव है। कथावाचिका ने कहा कि धार्मिक कथाओं में जीवन जीने की जो सीख दी गई है, उसे यदि मनुष्य आत्मसात कर ले तो कठिन परिस्थितियों में भी वह विचलित नहीं होता। उन्होंने मानव स्वभाव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज का मनुष्य प्रायः केवल अपना स्वार्थ देखता है और दूसरों की चिंता नहीं करता, जिसके कारण उसका मन लोभ और लालच में उलझता जाता है। कथा के अंत में श्रद्धालुओं ने शिवपुराण के महत्व को समझते हुए सत्कर्म के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इससे पूर्व यज्ञ मंडप में वैदिक आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यजमानों से पूजन-अर्चन कराकर लोक कल्याण की कामना की। कथा में यजमान के रूप में मनीष उपाध्याय सपत्नीक मौजूद रहे। इस दौरान मनोज उपाध्याय, महेश उपाध्याय, विजय सिंह,राधेश्याम, अशोक,कौशल आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय


No comments