रतसर-सुखपुरा रजवाहा जनऊपुर गांव के समीप टूटने से पचास एकड़ फसल जलमग्न
गड़वार(बलिया) क्षेत्र के जनऊपुर गांव के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्थान के पास रविवार की दोपहर रतसर-सुखपुरा रजवाहा टूट जाने से पचास एकड़ धान की फसल डूब गई। माइनर के टूटने की सूचना ग्रामीणों ने रात में ही विभागीय कर्मियों को दी। बावजूद दूसरे दिन तक कोई भी जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचा। इसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों ने बताया कि रजवाहा के टूट जाने की जानकारी होने पर उसे बांधने का प्रयास किया गया।लेकिन सफलता नहीं मिली। लगातार मिट्टी खिसकने से से टूटे स्थान की चौड़ाई दो मीटर से अधिक हो गई है। रविवार शाम तक आसपास के पचास एकड़ फसलें जलमग्न हो गई। गांव के किसान गिरीश पाण्डेय,उमाशंकर, सुरेन्द्र राम,सुदर्शन राम,उतिल गोड़, राकेश पांडेय ने बताया कि पिछले दो वर्षों से इसी स्थान पर माइनर के बार-बार टूट जाने से सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद हो रही है। इस संबंध में नहर विभाग के अवर अभियंता प्रशांत कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाएगा।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय


No comments